भोजपुर डबल मर्डर: हाईवे किनारे की 22 कट्ठा जमीन के लिए मां-भाई की हत्या! बड़े बेटे और बहू गिरफ्तार, 50 हजार की सुपारी देकर रची गई थी साजिश
बिहार के भोजपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में जमीन विवाद को लेकर 55 वर्षीय मां रामावती कुंवर और उनके 30 वर्षीय छोटे बेटे सुनील कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि इस दोहरे हत्याकांड की साजिश परिवार के ही बड़े बेटे दिनेश कुमार और उसकी पत्नी शांति देवी ने रची थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे करीब 22 कट्ठा जमीन का विवाद था, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि हत्या के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए दो बाइक से छह लोग गांव पहुंचे थे। घर में लोगों के जागने के कारण आरोपियों ने करीब चार घंटे तक इंतजार किया और फिर रात में मां-बेटे की हत्या कर दी।
इस हत्याकांड के बाद मृतका की बेटी विभा ने अपने बड़े भाई और भाभी समेत सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। उसने कहा है कि जिस जमीन के लिए उसकी मां और भाई की हत्या की गई, उसी जमीन को बेचकर वह न्याय की लड़ाई लड़ेगी।
22 कट्ठा जमीन को लेकर परिवार में चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव के वार्ड संख्या-7 में रामावती कुंवर अपने छोटे बेटे सुनील कुमार के साथ रहती थीं। परिवार में उनके दो बेटे और एक बेटी थी।
बड़े बेटे का नाम दिनेश कुमार उर्फ दीपक है, जबकि छोटे बेटे सुनील कुमार की उम्र 30 वर्ष थी। बेटी विभा की शादी हो चुकी है और वह अपने पति रुपेश के साथ झारखंड के सरायकेला में रहती है।
परिवार के पास करीब 22 कट्ठा जमीन होने की बात सामने आई है। इसमें बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर दीघा टोला के पास 16 कट्ठा और कुछ दूरी पर छह कट्ठा जमीन बताई गई है। विभा के मुताबिक, इन जमीनों की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये है।
इसी जमीन के मालिकाना हक को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि बड़ा बेटा दिनेश और उसकी पत्नी शांति देवी पूरी संपत्ति अपने नाम कराना चाहते थे। इसके लिए वे मां रामावती और छोटे बेटे सुनील पर दबाव बनाते थे।
देवर की शादी नहीं होने देने की धमकी देती थी भाभी
मृतका की बेटी विभा ने परिवार में चल रहे विवाद को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके अनुसार, भाभी शांति देवी छोटे भाई सुनील की शादी को लेकर भी अक्सर विवाद करती थी।
विभा का आरोप है कि उसकी भाभी कहती थी कि वह अपने पति के साथ देवर को भी रखेगी और सुनील की शादी कभी नहीं होने देगी। शादी करने पर पूरे परिवार को काट देने की धमकी भी दी जाती थी।
विभा के मुताबिक, सुनील की शादी की तैयारी चल रही थी। घर में हाल ही में निर्माण और मरम्मत का काम भी पूरा हुआ था। सुनील अपनी मां की देखभाल करता था और उनकी बीमारी से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रखता था।
बताया जाता है कि मां और छोटे बेटे का एक साथ रहना भी बड़े बेटे और बहू को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था।
मां और बहू के बीच पहले भी होते थे झगड़े
गांव की बुजुर्ग महिला फूलकुमारी के अनुसार, रामावती कुंवर और उनके बड़े बेटे-बहू के बीच संपत्ति को लेकर अक्सर विवाद होता था।
उन्होंने बताया कि जमीन-जायदाद के मामले में दिनेश और उसकी पत्नी शांति देवी रामावती से झगड़ा करते थे। विवाद के दौरान दिनेश के ससुराल पक्ष के लोग भी पहुंच जाते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, रामावती इन झगड़ों से परेशान रहती थीं और गांव के लोगों को अपनी परेशानी बताती थीं।
50 हजार रुपये की सुपारी देकर रची गई हत्या की साजिश
जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार के अनुसार, मां और बेटे की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। पुलिस का दावा है कि बड़े बेटे दिनेश कुमार ने हत्या के लिए बिहिया चौरस्ता के पास 50 हजार रुपये दिए थे।
पुलिस इस रकम के लेन-देन और हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
एसडीपीओ के अनुसार, हत्या से दो से तीन दिन पहले घर और आसपास के इलाके की रेकी की गई थी। इसके बाद 3 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे दो बाइक पर सवार छह लोग तेंदुनी गांव के वार्ड संख्या-7 पहुंचे।
उस समय घर और आसपास के लोग जाग रहे थे। इसलिए आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए करीब चार घंटे तक इंतजार किया।
छत के रास्ते घर में घुसे आरोपी, सोते समय मां-बेटे की हत्या
पुलिस के मुताबिक, रात में जब गांव में सन्नाटा हो गया और रामावती कुंवर तथा सुनील कुमार सो गए, तब आरोपी दिनेश की छत के रास्ते घर में दाखिल हुए।
इसके बाद धारदार हथियार और हथौड़े से मां-बेटे पर हमला कर दिया गया। हमले में दोनों की मौत हो गई।
पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद आरोपियों ने करीब डेढ़ घंटे तक खून के निशान मिटाने और साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। इसके बाद दिनेश ने खुद को निर्दोष दिखाने के लिए रात करीब डेढ़ बजे पड़ोसियों को जगाया और घर में घुसकर मां और भाई की हत्या किए जाने की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम और जगदीशपुर थानाध्यक्ष आशीष कुमार साह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संदेह के आधार पर दिनेश तथा उसकी पत्नी शांति देवी को हिरासत में ले लिया।
मां और भाई के शव देखकर बेहोश हो गई बेटी विभा
मां और छोटे भाई की हत्या की खबर मिलने के बाद विभा अपने पति रुपेश के साथ झारखंड के सरायकेला से तेंदुनी गांव पहुंची।
घर में मां और भाई के शव देखकर वह बेसुध हो गई। परिवार के लोगों ने किसी तरह उसे संभाला।
विभा ने बताया कि हत्या से एक दिन पहले ही उसकी मां से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान मां ने उससे पूछा था कि खाना बना लिया है और घर में सब कुछ ठीक है या नहीं।
करीब दो मिनट तक दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद रामावती ने कहा कि सुनील घर आ गया है और खाना मांग रहा है। उसे खाना खिला दूं, फिर आराम से बात करूंगी।
विभा ने बताया कि उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि मां से हुई यह बातचीत उसकी आखिरी बातचीत साबित होगी।
विवादित जमीन पर एक साथ हुआ मां-बेटे का अंतिम संस्कार
दोहरी हत्या के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मां और बेटे का अंतिम संस्कार उसी विवादित जमीन पर किया गया, जिसे लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
अंतिम संस्कार के दौरान बेटी विभा ने अपनी मां और भाई को मुखाग्नि दी। इस दौरान उसके पति रुपेश ने उसे सहारा दिया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास की महिलाएं मौजूद रहीं।
बेटी बोली- जमीन बेचकर मुकदमा लड़ूंगी, आरोपियों को सजा दिलाऊंगी
मां और भाई को खोने के बाद विभा ने न्याय की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है। उसने कहा कि उसके पास मुकदमा लड़ने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं, लेकिन जिस जमीन के लिए उसकी मां और भाई की हत्या की गई, उसी जमीन को बेचकर वह केस लड़ेगी।
विभा ने कहा कि वह अंतिम सांस तक न्याय के लिए लड़ती रहेगी। उसकी मांग है कि बड़े भाई दिनेश, भाभी शांति देवी और हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।
एसआईटी ने बड़े बेटे और बहू को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए भोजपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
इस टीम में जगदीशपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर आशीष कुमार साह, दरोगा विवेक कुमार, मोहन कुमार, दीपक कुमार और डीआईयू की टीम को शामिल किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर रामावती के बड़े बेटे 37 वर्षीय दिनेश कुमार और उसकी 28 वर्षीय पत्नी शांति देवी को गिरफ्तार किया।
एसडीपीओ के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि दिनेश खुद भी हत्या में शामिल था और उसके साथ छह अन्य लोग भी वारदात में शामिल थे।
जांच के दौरान एक अन्य व्यक्ति की पहचान भी हुई है। बाकी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मां पूरी संपत्ति छोटे बेटे को देना चाहती थीं: पुलिस
जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार के अनुसार, रामावती कुंवर के पास करीब चार से पांच बीघा जमीन थी। इसमें लगभग एक बीघा जमीन मुख्य सड़क के किनारे स्थित थी, जिसकी कीमत काफी अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, रामावती अपनी पूरी संपत्ति छोटे बेटे सुनील कुमार को देना चाहती थीं। इसी बात को लेकर बड़ी बहू शांति देवी नाराज रहती थी।
एसडीपीओ ने बताया कि संपत्ति को लेकर परिवार में पहले भी कई बार विवाद हुआ था। गांव में पंचायती कराकर समझौता कराने की कोशिश भी की गई थी, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ।
मृतका की बेटी विभा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस दोहरे हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरी साजिश का खुलासा करने में जुटी है।
जिस जमीन और संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था, उसी विवाद में मां और छोटे बेटे की जान चली गई। अब बेटी विभा ने उसी जमीन को बेचकर अपनी मां और भाई को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है।