बिहार के दरभंगा जिले में अपराधियों ने पुलिसकर्मी को ही निशाना बना लिया। सकतपुर थाना में तैनात ASI रणधीर कुमार को गुरुवार को उजान गांव के पास गोली मार दी गई। गोली उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी और आर-पार हो गई। घायल ASI को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है। एसएसपी के मुताबिक, उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सकतपुर थाना पुलिस को मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम उजान गांव जा रही थी। इस टीम में ASI रणधीर कुमार भी शामिल थे। रास्ते में वह शौचालय जाने के लिए पुलिस वाहन से उतरे और पास स्थित झाड़ी की ओर बढ़े। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनके बाएं पैर में जा लगी।
गोली लगते ही ASI जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए DMCH रेफर कर दिया गया। घायल ASI की उम्र करीब 36 वर्ष बताई जा रही है। वह पटना जिले के नौबतपुर के रहने वाले हैं।
900 लीटर शराब बरामदगी से जोड़कर भी जांच
पुलिस इस गोलीबारी की घटना को करीब एक महीने पहले हुई शराब बरामदगी से जोड़कर भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सकतपुर थाना पुलिस ने इसी इलाके में डाक पार्सल वाहन से लाई जा रही करीब 900 लीटर विदेशी शराब बरामद की थी।
आशंका जताई जा रही है कि शराब बरामदगी से जुड़े विवाद या शराब कारोबारियों की रंजिश के कारण ASI को निशाना बनाया गया हो। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे शराब कारोबारियों का हाथ है या कोई अन्य वजह है।
घटनास्थल पर पहुंचे SSP, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। FSL टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, DMCH में भी घायल पुलिसकर्मी से संबंधित सैंपल एकत्र किए गए हैं।
अस्पताल में पुलिस अधिकारियों की टीम मौजूद रही। DIU DSP अमित कुमार साहू ने घायल ASI से घटना के संबंध में जानकारी ली। बेंता थानाध्यक्ष विनय मिश्रा समेत कई पुलिसकर्मी भी अस्पताल और घटनास्थल पर मौजूद रहे।
गोली किसने चलाई, पुलिस कर रही जांच
SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि ASI रणधीर कुमार पुलिस टीम के साथ गश्ती पर निकले थे। उनके साथ अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। इसी दौरान उजान गांव के पास आम के बगीचे में ASI गाड़ी से नीचे उतरे, तभी उन्हें गोली लग गई।
SSP ने बताया कि गोली किसने चलाई, किस दिशा से चलाई और इसके पीछे क्या वजह थी, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। करीब एक महीने पहले इसी इलाके में डाक पार्सल वाहन से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई थी। इस घटना का उससे कोई संबंध है या नहीं, यह फिलहाल जांच का विषय है।
फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य पहलुओं के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।