Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:शादी का झांसा देकर दारोगा पर 9 महीने तक दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी; महिला थाने में FIR - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 19, 2026

बिहार:शादी का झांसा देकर दारोगा पर 9 महीने तक दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी; महिला थाने में FIR

दरभंगा में शादी का झांसा देकर दारोगा पर 9 महीने तक दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी; महिला थाने में FIR

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। केवटी थाना में पदस्थापित एक प्रशिक्षु दारोगा पर 23 वर्षीय युवती ने शादी का झांसा देकर नौ महीने तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी करने का दबाव बनाया तो दारोगा ने शादी से इन्कार कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर गाली-गलौज की और उसकी अश्लील तस्वीरें एवं वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी।

मामले को लेकर सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने महिला थाना में केवटी थाना के प्रशिक्षु अवर निरीक्षक (पीएसआइ) नीतीश कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।

होटल में ले जाने और तस्वीरें-वीडियो बनाने का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, युवती का आरोप है कि दारोगा ने उससे शादी करने का भरोसा देकर करीब नौ महीने तक शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने युवती की अश्लील तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। पीड़िता का कहना है कि आरोपित उसे कई बार होटल में भी ले गया।

जब युवती ने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो आरोपित ने इससे इन्कार कर दिया। विरोध करने पर उसे कथित तौर पर गालियां दी गईं और तस्वीरें तथा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।

गश्ती के दौरान हुई थी मुलाकात

बताया जाता है कि आरोपित दारोगा पहले कमतौल थाना में पदस्थापित था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी दौरान गश्ती के क्रम में उसकी मुलाकात युवती से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि दारोगा ने युवती के सामने प्रेम का इजहार करते हुए शादी का भरोसा दिया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपित दारोगा की इसी महीने सगाई होने वाली थी। इसके बाद युवती ने महिला थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई।

मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू, पुलिस कर रही जांच

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) ले जाया गया।

महिला थाना की अपर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।

Kosi Live की रिपोर्ट