भागलपुर में कोहरे के कारण दर्दनाक हादसा, छठ की खुशियां मातम में बदलीं; कार के उड़े परखच्चे, चार की हालत नाजुक
भागलपुर। बिहार में मौसम बदलने के साथ ही घना कोहरा सड़क हादसों का कारण बनने लगा है। बुधवार सुबह मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर-मनोहरपुर बायपास मोड़ के पास घने कुहासे के बीच एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। छठ पूजा में शामिल होकर उत्तर प्रदेश के बनारस लौट रहे एक परिवार की कार को सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी वंदना देवी और ननकू राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार में कुल छह लोग सवार थे। सभी लोग बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के आसमानीचक निवासी नंद कुमार राय के घर छठ पूजा में शामिल होने आए थे। पूजा संपन्न होने के बाद बुधवार सुबह सभी लोग कार से अपने घर बनारस लौट रहे थे।
इसी दौरान जैसे ही उनकी कार किशनपुर-मनोहरपुर बायपास मोड़ के पास पहुंची, घने कोहरे और कम दृश्यता के बीच सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने घायलों को कार से निकाला
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मधुसूदनपुर थाना पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से सभी को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की फरार वाहन की तलाश
सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी पीड़ित वाराणसी के रहने वाले हैं और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
फरार वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस बायपास मोड़ पर कोहरे के दिनों में कम दृश्यता और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
छठ पूजा की खुशियां मनाकर घर लौट रहा परिवार इस हादसे के बाद गहरे दुख में डूब गया है।
Kosi Live की रिपोर्ट