Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 700 किलो नकली पनीर जब्त, सब्जी बाजार और शंकर चौक की दुकानों पर छापेमारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 5, 2026

सहरसा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 700 किलो नकली पनीर जब्त, सब्जी बाजार और शंकर चौक की दुकानों पर छापेमारी

सहरसा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 700 किलो नकली पनीर जब्त, सब्जी बाजार और शंकर चौक की दुकानों पर छापेमारी
सहरसा में दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार शाम से देर रात तक शहर के विभिन्न बाजारों और खाद्य दुकानों में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान सब्जी बाजार और शंकर चौक की कई दुकानों से करीब 700 किलो नकली पनीर जब्त किया गया। वहीं, मिठाई दुकानों से भी खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. संजय चौधरी के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी दीपेश कुमार और सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

छापेमारी की भनक लगते ही दुकानदार फरार

कार्रवाई के दौरान कई पनीर दुकानों के दुकानदार छापेमारी की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान कुछ पनीर में काले निशान पाए जाने की बात सामने आई। विभाग ने जब्त पनीर को खाने योग्य नहीं मानते हुए उसे नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मिठाई दुकानों से लिए गए सैंपल

पनीर के अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर की कई मिठाई दुकानों से भी खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए हैं। इन सैंपलों को गुणवत्ता की जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों तक जारी रहेगी छापेमारी

फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. संजय चौधरी ने कहा कि दीपावली और छठ के दौरान मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार जांच और छापेमारी कर रहा है।

दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान दें। संदिग्ध या खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।

फिलहाल, सहरसा में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विभाग का अभियान जारी है।