मधेपुरा जिले के मुरलीगंज में हथियार का भय दिखाकर किराना और मसाला सामान से भरा पिकअप लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुरलीगंज थाना पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के अंदर लूटकांड का खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पिकअप गाड़ी को मसाला सामान सहित बरामद कर लिया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जोरगामा-बेलदौर नहर के पास चालक से मारपीट कर लूटी थी गाड़ी
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 की देर रात करीब एक बजे जोरगामा-बेलदौर नहर के पास अज्ञात अपराधियों ने पिकअप चालक राहुल कुमार को निशाना बनाया था। चालक राहुल कुमार, पिता चंदेश्वरी यादव, निवासी चंदौर वार्ड नंबर-1, थाना सौरबाजार, जिला सहरसा, किराना और मसाला सामान लेकर जा रहा था।
इसी दौरान बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर पिकअप को रोक लिया। चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इसके बाद उसे गाड़ी से नीचे उतारकर अपराधी BR-19-GA-6029 नंबर की पिकअप को मसाला सामान सहित लेकर फरार हो गए।
तकनीकी जांच और मानवीय सूचना से मिली सफलता
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, मधेपुरा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने लूटकांड में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई पिकअप और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की है—
* अभिमन्यु कुमार, पिता जयद्रथ प्रसाद यादव, निवासी जोरगामा वार्ड नंबर-7, थाना मुरलीगंज, जिला मधेपुरा।
* त्रिलोकी यादव, पिता चंदेश्वरी यादव, निवासी जमुआहाँ वार्ड नंबर-5, थाना बेलाड़ी, जिला मधेपुरा।
* मनीष कुमार, पिता जलन यादव, निवासी रामपुर टपड़ा वार्ड नंबर-1, थाना मुरलीगंज, जिला मधेपुरा।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई पिकअप BR-19-GA-6029 को मसाला सामान सहित बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल BR-43-AE-4044 और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
दो आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में त्रिलोकी यादव और अभिमन्यु कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।
त्रिलोकी यादव के खिलाफ कुमारखंड थाना में वर्ष 2020 के दो मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
वहीं, अभिमन्यु कुमार के खिलाफ बनमनखी, जानकीनगर और मुरलीगंज थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित पूर्व के मामले दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष अकमल हुसैन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
इस सफल कार्रवाई में मुरलीगंज थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अकमल हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार, प्रमोद कुमार, ब्रजेश कुमार, सुदर्शन कुमार यादव, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक सद्दाम हुसैन और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
मुरलीगंज थाना कांड संख्या 630/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
मधेपुरा पुलिस ने इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका और पूरे मामले की जांच कर रही है।