दरभंगा में पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारी से हुई करोड़ों रुपये की चांदी और नकदी लूट मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में बीजेपी के नगर दक्षिणी मंडल के महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद बीजेपी ने विशाल महासेठ को पार्टी से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर की रात सिमरी थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर सर्राफा कारोबारी की गाड़ी को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। अपराधियों ने चालक को हथियार दिखाकर डराया और चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। बैग में चांदी के अलावा नकदी भी रखी हुई थी।
62 किलो चांदी और 5.94 लाख रुपये बरामद
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले छोटू कुमार यादव को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों तक पुलिस पहुंची।
गिरफ्तार आरोपियों में छोटू कुमार यादव, विशाल महासेठ उर्फ विक्की, धीरज सोनी, संतोष कुमार साह और अभिषेक बंद्र शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 62.040 किलोग्राम चांदी जैसी धातु के 56 छोटे-बड़े बिस्किट, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, टाटा टिगोर और मारुति स्विफ्ट कार समेत कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 39 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
रेस्टोरेंट में रची गई थी लूट की साजिश
पुलिस की जांच में सामने आया है कि लूटकांड को अंजाम देने से पहले कारोबारी की कई दिनों तक रेकी की गई थी। निक्की साह के कौशल रेस्टोरेंट के पास कारोबारी की गाड़ी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी के आने-जाने की जानकारी मिलने के बाद आरोपियों ने रेस्टोरेंट में लूट की साजिश तैयार की थी।
एसएसपी के अनुसार, कारोबारी का चालक भी आरोपियों के संपर्क में था। उसने कारोबारी के आने की सूचना बदमाशों को दी थी। इसके बाद आरोपियों ने वाहन का पीछा किया और सुनसान जगह पर हथियार के बल पर लूटपाट की।
बीजेपी ने आरोपी नेता को किया निलंबित
विशाल महासेठ की गिरफ्तारी के बाद बीजेपी ने संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है। बुधवार को दरभंगा पश्चिमी के जिलाध्यक्ष प्रो. आदित्य नारायण मन्ना ने निलंबन संबंधी पत्र जारी किया।
बीजेपी के जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी ने कहा कि विशाल महासेठ पर लगे गंभीर आरोपों से पार्टी की छवि और संगठनात्मक मर्यादा प्रभावित हुई है। इसी वजह से उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
संजय सरावगी को पद से हटाने की मांग
इस मामले को लेकर मिथिला स्टूडेंट यूनियन (एमएसयू) ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और विशाल महासेठ के बीच कथित फोन बातचीत की जांच कराने तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) सार्वजनिक करने की मांग की है।
एमएसयू ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी आग्रह किया है कि जांच पूरी होने तक संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया जाए। हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
वहीं, भाकपा (माले) के जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने इस मामले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी से जुड़े व्यक्ति का नाम इतने बड़े लूटकांड में सामने आना कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के दावों पर सवाल खड़े करता है।
अन्य आरोपियों और हथियार की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। लूटकांड में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने इससे पहले किन अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है।
कोशी लाइव