Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में भीषण सड़क हादसा: एक बाइक पर सवार 4 दोस्तों को ट्रक ने रौंदा, 3 किशोरों की मौके पर मौत; एक की हालत गंभीर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 11, 2026

बिहार में भीषण सड़क हादसा: एक बाइक पर सवार 4 दोस्तों को ट्रक ने रौंदा, 3 किशोरों की मौके पर मौत; एक की हालत गंभीर

दरभंगा में भीषण सड़क हादसा: एक बाइक पर सवार 4 दोस्तों को ट्रक ने रौंदा, 3 किशोरों की मौके पर मौत; एक की हालत गंभीर

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में बुधवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मब्बी थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित बाजार समिति चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

एक ही बाइक पर सवार थे चारों दोस्त

मिली जानकारी के अनुसार, चारों किशोर आपस में गहरे दोस्त थे और एक साथ पढ़ाई करते थे। सभी करमगंज स्थित एक मदरसे में पढ़ते थे। बुधवार अहले सुबह चारों एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने निकले थे। इसी दौरान एनएच-27 के बाजार समिति मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीन किशोरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान, एक किशोर अस्पताल में भर्ती

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों किशोरों की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज मोमिन टोला निवासी के रूप में हुई है।

मृतकों के नाम:

* फारिस उर्फ दिलशान (16 वर्ष), पिता मो. अकील।

* अल्ताफ (16 वर्ष), पिता मो. नियाज।

* मो. इश्तेखार उर्फ गोरे (17 वर्ष), पिता मो. इदरीश।

वहीं, घायल किशोर की पहचान इशान (16 वर्ष), पिता मो. गूड्डू के रूप में हुई है। उसे दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

बिना बताए घर से निकले थे चारों किशोर

परिजनों ने बताया कि चारों किशोर घर में किसी को बताए बिना बाइक से निकले थे। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटे बाद उनके घरों में मातम छा जाएगा। तीनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही बाकरगंज के मोमिन टोला में चीख-पुकार मच गई। पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मब्बी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मब्बी थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि हादसे के बाद फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पोस्टमार्टम परिसर में जुटी कई थानों की पुलिस

तीन किशोरों की मौत के बाद डीएमसीएच के पोस्टमार्टम परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए मब्बी थाना के अलावा कोतवाली, बेंता और लहेरियासराय थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे।

मानवीय पहल, शवों को घर पहुंचाने के लिए निशुल्क एंबुलेंस

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों किशोर बेहद गरीब परिवारों से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस संचालक नौशाद ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए तीनों किशोरों के शवों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए निशुल्क एंबुलेंस उपलब्ध कराई।

फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। एक ही हादसे में तीन किशोरों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।