मोतिहारी में डाक अधीक्षक एसएस सुमन 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, सीबीआई टीम पटना ले गई
मोतिहारी (बिहार)।
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने बुधवार को मोतिहारी में बड़ी कार्रवाई की। सीबीआई ने चंपारण प्रमंडल के डाक अधीक्षक एसएस सुमन को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ पटना ले गई।
मिली जानकारी के अनुसार, डाक अधीक्षक पर अपने ही विभाग के कर्मचारी राहुल झा से रिश्वत मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि राहुल झा डाक विभाग के मलाही क्षेत्र में कार्यरत थे। उनका तबादला दरभंगा कर दिया गया था। आरोप है कि उन्हें वर्तमान पदस्थापन से रिलीव करने के एवज में डाक अधीक्षक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
कर्मचारी की शिकायत पर बिछाया गया जाल
बताया जाता है कि रिश्वत मांगने से परेशान कर्मचारी राहुल झा ने इसकी शिकायत सीबीआई से की थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई की रणनीति तैयार की। इसके बाद बुधवार को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
इसी दौरान डाक अधीक्षक एसएस सुमन को कथित तौर पर कर्मचारी से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया गया। हालांकि, रिश्वत की राशि और कार्रवाई से संबंधित सभी तथ्यों की विस्तृत आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
सीबीआई अधिकारी ने जानकारी देने से किया इनकार
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे सीबीआई अधिकारी गौरव कुमार मिश्रा से मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया।
पूछताछ के लिए पटना ले गई टीम
कार्रवाई पूरी करने के बाद सीबीआई की टीम गिरफ्तार डाक अधीक्षक एसएस सुमन को अपने साथ पटना ले गई। वहां उनसे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं एसएस सुमन
बताया जा रहा है कि एसएस सुमन मूल रूप से पूर्वी चंपारण जिले के सेमरा स्टेशन स्थित लाल टोला के निवासी हैं। मोतिहारी के चांदमारी में भी उनका मकान बताया जाता है। हाल ही में उनकी पदस्थापना डाक अधीक्षक के पद पर हुई थी।
फिलहाल सीबीआई की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान और बरामदगी से संबंधित जानकारी सामने आने का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Kosi Live