Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में लूट की साजिश नाकाम, हथियारों के साथ 5 बदमाश गिरफ्तार; दो फरार, कट्टा-पिस्टल और बाइक बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, November 2, 2026

बिहार में लूट की साजिश नाकाम, हथियारों के साथ 5 बदमाश गिरफ्तार; दो फरार, कट्टा-पिस्टल और बाइक बरामद

दरभंगा में लूट की साजिश नाकाम, हथियारों के साथ 5 बदमाश गिरफ्तार; दो फरार, कट्टा-पिस्टल और बाइक बरामद

दरभंगा। जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूटपाट की साजिश रच रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, मैगजीन सहित एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

एसडीपीओ एसके सुमन ने बताया कि 1 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कटका से लखाबांध जाने वाली भट्ठा रोड के किनारे एक झोपड़ी के पास कुछ हथियारबंद युवक लूटपाट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बसंत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।

पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद युवक भागने लगे। हालांकि, पुलिस बल ने घेराबंदी कर पांच युवकों को पकड़ लिया, जबकि दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद गिरफ्तार युवकों की तलाशी लेने पर हथियार, कारतूस, मोबाइल और दो बाइक बरामद हुईं।

पांच गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

गिरफ्तार युवकों की पहचान कटका गांव निवासी अमित कुमार (18) और मोहम्मद जुबैद (23) तथा पकड़ीहार गांव निवासी प्रशांत कुमार (20), संजीत कुमार यादव (20) और संजन कुमार (18) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद जुबैद के मोबाइल की जांच के दौरान हथियार के साथ एक युवक की तस्वीर और वीडियो मिला। पूछताछ में उस युवक की पहचान कटका निवासी सानू कुमार के रूप में हुई।

हथियार पहुंचाने के मामले में भी जांच

एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान जुबैद ने हथियार ब्रह्मपुर निवासी सुधाकर भारद्वाज तक पहुंचाने की बात कही है। पुलिस अब सानू कुमार और सुधाकर भारद्वाज की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। दोनों को इस मामले में फरार बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मोहम्मद जुबैद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

थानाध्यक्ष के बयान पर प्राथमिकी दर्ज

इस मामले में थानाध्यक्ष बसंत कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस गिरफ्तार युवकों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष बसंत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र सहित सिंहवाड़ा थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

फिलहाल पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।