बेगूसराय। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीआईयू, बेगूसराय पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने एक लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली बिनीता भारती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बरौनी थाना क्षेत्र के बथौली गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार महिला लंबे समय से फरार चल रही थी। बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस इस गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि मान रही है।
पांच प्राथमिकी में थी पुलिस को तलाश
गिरफ्तार महिला की पहचान बिनीता भारती उर्फ श्वेता उर्फ अनीता उर्फ प्रतिमा उर्फ कल्पना, पति स्वर्गीय अमरलाल देव उर्फ नकुल, निवासी लालपुर शिवराम, थाना बहेड़ी, जिला दरभंगा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ अलग-अलग मामलों में कुल पांच प्राथमिकी दर्ज हैं। इन सभी मामलों में पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग नामों और उपनामों से अपनी पहचान बदलती रही थी।
4 मई 2026 को घोषित हुआ था एक लाख का इनाम
लगातार फरार रहने के कारण बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से बिनीता भारती पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस महानिरीक्षक (अभियान), पटना कुंदन कृष्णन ने 4 मई 2026 को इस संबंध में पत्र जारी किया था। इसके बाद से ही विभिन्न पुलिस इकाइयां उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थीं।
गुप्त सूचना पर संयुक्त टीम ने की छापेमारी
इसी दौरान डीआईयू, बेगूसराय पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि बिनीता भारती बरौनी थाना क्षेत्र के बथौली गांव में मौजूद है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
नक्सली नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में होगी पूछताछ
महिला नक्सली की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उसके खिलाफ दर्ज पांच मामलों की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके नक्सली नेटवर्क, सहयोगियों और पूर्व की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
इस गिरफ्तारी को बेगूसराय समेत आसपास के जिलों में नक्सल विरोधी अभियान के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Kosi Live की रिपोर्ट