मथुरा में भीषण सड़क हादसा, मां-बेटे समेत 4 की दर्दनाक मौत; 5 घायल, ट्रक में पीछे से घुसी कार
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के भिंड निवासी एक परिवार वृंदावन और मथुरा घूमने आया था। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे परिवार बरसाना से रमणरेती जा रहा था। इसी दौरान जैंत थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर उनकी कार खड़े ट्रक से टकरा गई।
मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत
हादसे में कार सवार देवाशीष के चार वर्षीय बेटे रुद्र, उनकी मामी रूबी (32), रूबी के बेटे कान्हा (10) और ज्योति (30) की मौत हो गई। वहीं कार चला रहे देवाशीष, उनकी मां आशा देवी, पत्नी गिरजा देवी, पांच वर्षीय बेटी गौरी और ज्योति की 12 वर्षीय बेटी पलक घायल हो गईं।
रातभर दर्शन और परिक्रमा के बाद हुआ हादसा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार ने रातभर मथुरा-वृंदावन में दर्शन और परिक्रमा की थी। आशंका जताई जा रही है कि लगातार जागने के कारण कार चला रहे देवाशीष को झपकी आ गई होगी, जिससे कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायलों को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने सहायता राशि का किया ऐलान
पुलिस ने चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक साथ चार लोगों की मौत से इलाके में भी शोक का माहौल है।
Kosi Live की रिपोर्ट