खगड़िया में शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 388 कार्टून में 3352 लीटर विदेशी शराब बरामद; अल्टो कार जब्त, कारोबारी फरार
खगड़िया। जिले के चौथम थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहाड़चक गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से 388 कार्टून में रखी कुल 3352 लीटर ऑफिसर चॉइस फ्रूटी विदेशी शराब जब्त की है। इसके साथ ही शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक अल्टो कार भी जब्त की गई है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब कारोबारी मौके से फरार हो गए।
बड़े वाहन से लाई गई थी शराब की खेप
जानकारी के अनुसार, शराब तस्करों ने किसी बड़े वाहन के जरिए शराब की खेप पहाड़चक गांव में पहुंचाई थी। यहां शराब को छिपाकर रखा गया था। इसके बाद तस्कर अल्टो कार के माध्यम से शराब को अलग-अलग ठिकानों तक पहुंचाने में जुटे थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने पुलिस टीम के साथ योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब की पूरी खेप बरामद कर ली। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिस टीम ने शराब और अल्टो कार की जब्त
इस छापेमारी अभियान में एसआई अभिमन्यु कुमार सिंह, अनिल कुमार, मनोज राम, संटू कुमार, सोनू कुमार और एएसआई संतोष कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने मौके से 388 कार्टून विदेशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार को जब्त कर लिया।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसे पहाड़चक तक किस बड़े वाहन से पहुंचाया गया था और इसकी आपूर्ति किन-किन ठिकानों पर की जानी थी।
उन्होंने बताया कि शराब तस्करी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है।