पूर्णिया: जिले के कसबा नगर परिषद क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। वार्ड संख्या-7 स्थित गढ़बनैली हाई स्कूल के पास 9 नवंबर को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने घर के बरामदे में बैठे लोगों को रौंद दिया था। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय सुनीता देवी और उनके चार वर्षीय मासूम पोते आर्यन कुमार की एक सप्ताह तक चले इलाज के बाद सोमवार देर शाम मौत हो गई। दादी और पोते की मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घर में घुस गई थी तेज रफ्तार कार, छह लोग हुए थे घायल
जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की सुबह करीब सात बजे कसबा की ओर से एनएच-27 की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार (BR-11-BL-2121) अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सुनीता देवी के घर में जा घुसी।
बेकाबू कार ने सबसे पहले घर के बरामदे में बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद घर के अंदर खड़ी दूसरी कार को जोरदार टक्कर मारते हुए मकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अंत में कार एक पेड़ से जा टकराई।
इस भीषण हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझते रहे दादी-पोते
हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल लोगों को पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां सुनीता देवी और उनका चार वर्षीय पोता आर्यन कुमार एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे।
डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार देर शाम दोनों ने दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
दादी-पोते की एक साथ उठी अर्थी, इलाके में पसरा मातम
दादी और मासूम पोते की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ दिन पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। दादी-पोते की एक साथ मौत से गढ़बनैली इलाके के लोग भी गमगीन हैं।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।