Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में चाचा की हत्या का आरोपी भतीजा गिरफ्तार, देसी पिस्तौल, 2 मैगजीन और 40 कारतूस बरामद; एक साल से दे रहा था जान से मारने की धमकी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, November 9, 2026

बिहार में चाचा की हत्या का आरोपी भतीजा गिरफ्तार, देसी पिस्तौल, 2 मैगजीन और 40 कारतूस बरामद; एक साल से दे रहा था जान से मारने की धमकी

दरभंगा में चाचा की हत्या का आरोपी भतीजा गिरफ्तार, देसी पिस्तौल, 2 मैगजीन और 40 कारतूस बरामद; एक साल से दे रहा था जान से मारने की धमकी

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में दीपावली की शाम चचेरे चाचा की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भतीजे कुमुद ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बुलेटप्रूफ जैकेट, हेलमेट और ग्लव्स भी मिले हैं।

एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आई है। दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और पूर्व में भी झगड़ा हुआ था।

### घर में घुसकर बरामदे में बैठे चाचा को मारी गोली

पुलिस के अनुसार, रविवार देर शाम करीब 45 वर्षीय कुमुद ठाकुर पड़री गांव के वार्ड संख्या-5 स्थित अपने चचेरे चाचा काशीकांत ठाकुर (55) के घर पहुंचा। वह खुले गेट से आंगन में घुसा और बरामदे में बैठे काशीकांत ठाकुर पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी।

गोली सीने, कनपटी समेत शरीर के अन्य हिस्सों में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक की पत्नी मीरा देवी घर में दीपावली पूजा की तैयारी कर रही थीं। घटनास्थल पर पुलिस को छह जगह गोलियों के निशान मिले हैं। वहीं, दो खोखे मिलने की भी जानकारी दी गई है।

### भागने के दौरान दो बाइक में मारी टक्कर, 3-4 लोग घायल

हत्या के बाद आरोपी बाइक से फरार होने लगा। इस दौरान बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव में उसने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन से चार लोगों के घायल होने की सूचना है। एक घायल का इलाज दरभंगा के निजी अस्पताल में चल रहा है।

इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद बांध दिया। सूचना मिलने पर पहुंची बहेड़ा पुलिस ने उसे ग्रामीणों के कब्जे से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।

### एक साल से चाचा को मिल रही थी जान से मारने की धमकी

मृतक के परिजनों का आरोप है कि कुमुद ठाकुर पिछले करीब एक साल से काशीकांत ठाकुर को जान से मारने की धमकी दे रहा था। करीब चार महीने पहले खेत में पिस्तौल दिखाकर धमकाने के मामले में काशीकांत ने बिरौल थाने में आवेदन भी दिया था।

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब पांच साल पहले एक विधवा महिला के साथ मारपीट का विरोध करने के बाद दोनों परिवारों के बीच रंजिश शुरू हुई थी। घटना से पहले आरोपी ने पांच-छह रिश्तेदारों के घरों के दरवाजे भी खटखटाए थे।

### आवेदन पर कार्रवाई नहीं हुई तो होगी जांच

एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से करीब चार महीने पहले थाने में आवेदन दिए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस इसकी जांच कर रही है कि आवेदन वास्तव में दिया गया था या नहीं। यदि आवेदन दिया गया था तो उस पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जांच में किसी पुलिस अधिकारी की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि मामले में ठोस साक्ष्य जुटाकर आरोपी को न्यायालय से अधिकतम सजा दिलाई जा सके।

### रेलवे में कार्यरत हैं बड़े बेटे, छोटे बेटे कोलकाता में CA

काशीकांत ठाकुर किसान थे। उनके बड़े पुत्र बलराम ठाकुर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रेलवे में कार्यरत हैं, जबकि छोटे पुत्र अभिराम ठाकुर कोलकाता में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) हैं।

पड़री गांव के सरपंच अच्युतानंद ठाकुर ने घटना पर दुख जताते हुए आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है। मृतक के बड़े भाई प्रयाग ठाकुर और पोते आशुतोष ठाकुर ने भी न्याय की मांग की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Kosi Live | दरभंगा

'; (function() { var dsq = document.createElement('script'); dsq.type = 'text/javascript'; dsq.async = true; dsq.src = '//' + disqus_shortname + '.disqus.com/embed.js'; (document.getElementsByTagName('head')[0] || document.getElementsByTagName('body')[0]).appendChild(dsq); })();