Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में कोचिंग से लौट रही नाबालिग छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; स्कॉर्पियो और दो मोबाइल जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 1, 2026

बिहार में कोचिंग से लौट रही नाबालिग छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; स्कॉर्पियो और दो मोबाइल जब्त

शेखपुरा में कोचिंग से लौट रही नाबालिग छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; स्कॉर्पियो और दो मोबाइल जब्त
शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले में कोचिंग से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्कॉर्पियो और आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

ई-रिक्शा का इंतजार कर रही थी छात्रा

एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि छात्रा बीती शाम कोचिंग समाप्त होने के बाद नगर क्षेत्र के कॉलेज मोड़ के पास घर जाने के लिए ई-रिक्शा का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान वहां सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो आकर रुकी।

गाड़ी चला रहे व्यक्ति ने छात्रा से लखीसराय जाने के लिए चौराहे का रास्ता पूछा। छात्रा ने उसे रास्ता बता दिया। इसके बाद चालक ने उसे घर पहुंचाने के बहाने गाड़ी में लिफ्ट देने की पेशकश की।

घर पर फोन करने के बाद स्कॉर्पियो में बैठी छात्रा

बताया गया कि गाड़ी में बैठने से पहले छात्रा ने आरोपी के मोबाइल फोन से अपने घर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद वह स्कॉर्पियो में बैठ गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उसे सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

लखीसराय से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमृत कुमार लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के पवई गांव निवासी शशि भूषण सिंह का पुत्र है। पुलिस ने उसे लखीसराय के जमुई मोड़ स्थित मुन्ना सिंह के मकान से गिरफ्तार किया।

स्कॉर्पियो और दो मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो तथा उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। छात्रा ने भी आरोपी की पहचान की है।

एएसपी डॉ. राकेश कुमार के अनुसार, पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।