Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 4 कारोबारी गिरफ्तार; 13 लीटर से अधिक देसी शराब बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 1, 2026

बिहार में शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 4 कारोबारी गिरफ्तार; 13 लीटर से अधिक देसी शराब बरामद

शेखपुरा में शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 4 कारोबारी गिरफ्तार; 13 लीटर से अधिक देसी शराब बरामद

शेखपुरा: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग की छापेमार टीम ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए चार शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक महिला भी शामिल है। इनके पास से कुल 13 लीटर से अधिक देसी शराब बरामद की गई है। सभी आरोपितों के खिलाफ उत्पाद थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

देवशपुर मुसहरी से सवा लीटर शराब के साथ युवक गिरफ्तार

उत्पाद अधीक्षक अविनाश प्रकाश ने बताया कि उत्पाद दारोगा अजय कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर नगर क्षेत्र के देवशपुर मुसहरी में छापेमारी की। इस दौरान मुसहरी से करीब 50 मीटर पूर्व दिशा में सवा लीटर चुलाई शराब के साथ मनीष कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया गया। वह नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के शकरगंज निवासी उपेंद्र चौधरी का पुत्र है।

बरनामबीघा से महिला शराब कारोबारी गिरफ्तार

उत्पाद विभाग की दूसरी कार्रवाई कसार थाना क्षेत्र के बरनामबीघा गांव में हुई। यहां टीम ने श्रवण चौधरी की पत्नी रूबी देवी को उसके घर से दो लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

अहियापुर मुसहरी से 9 लीटर से अधिक शराब बरामद

उत्पाद विभाग के एएसआई धनंजय कुमार ने नगर क्षेत्र के अहियापुर मुसहरी स्थित सामुदायिक भवन के दक्षिण में छापेमारी की। इस दौरान स्वर्गीय गनौरी मांझी के पुत्र सत्येंद्र मांझी को नौ लीटर से अधिक देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

नसीबचक गांव में भी हुई कार्रवाई

वहीं, एएसआई अमरजीत कुमार ने बरबीघा प्रखंड के मिशन थाना क्षेत्र स्थित नसीबचक गांव में छापेमारी की। इस दौरान ठाकुरबाड़ी से करीब 200 मीटर पश्चिम जयरामपुर रोड पर स्वर्गीय गोपाल राम के पुत्र धर्मेंद्र कुमार को एक लीटर से अधिक देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

सभी आरोपितों को भेजा गया जेल

उत्पाद अधीक्षक अविनाश प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार सभी चार आरोपितों के खिलाफ उत्पाद थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

उत्पाद विभाग की इन अलग-अलग कार्रवाइयों से जिले में अवैध शराब के कारोबार पर निगरानी और सख्ती बढ़ाई गई है।