Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:चेकपोस्ट पर 308 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो इको वाहन के साथ वैशाली और पटना के दो तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 1, 2026

BIHAR:चेकपोस्ट पर 308 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो इको वाहन के साथ वैशाली और पटना के दो तस्कर गिरफ्तार

डोभी चेकपोस्ट पर 308 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो इको वाहन के साथ वैशाली और पटना के दो तस्कर गिरफ्तार

गया: बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोभी की समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने जांच के दौरान विदेशी शराब की खेप के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों वाहनों से कुल 1,176 बोतलों में 308.880 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से मारुति सुजुकी कंपनी के दो इको वाहन भी जब्त किए गए हैं।

जब्त वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर BR-02BM-3614 और BR-01DA-3980 हैं।

गुप्त सूचना पर हुई वाहनों की जांच

मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो वाहनों के जरिए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने डोभी समेकित जांच चौकी के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान दोनों इको वाहनों से शराब की खेप बरामद हुई। इसके बाद शराब ले जा रहे दोनों लोगों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

वैशाली और पटना के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के विदुपुर थाना क्षेत्र के पकौली निवासी राहुल कुमार और पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के बनवारीपुर निवासी रंधीर कुमार के रूप में हुई है।

निरीक्षक उमेश चन्द्र राय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई में निरीक्षक उमेश चन्द्र राय के नेतृत्व में अवर निरीक्षक राहुल तिवारी, सहायक अवर निरीक्षक उत्तम कुमार, हलेन्द्र कुमार और बन्टी यादव शामिल थे। इसके अलावा मद्यनिषेध सिपाही, सैप बल और गृहरक्षक जवानों ने भी अभियान में सहयोग किया।

दोनों वाहन और शराब जब्त, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी

उत्पाद विभाग की टीम ने बरामद शराब और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विभाग के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।