Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में 10.550 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, दिवारी गांव में पुलिस की छापेमारी; घर के बक्से से मिला नशीला पदार्थ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 5, 2026

सहरसा में 10.550 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, दिवारी गांव में पुलिस की छापेमारी; घर के बक्से से मिला नशीला पदार्थ

सहरसा में 10.550 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, दिवारी गांव में पुलिस की छापेमारी; घर के बक्से से मिला नशीला पदार्थ
सहरसा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोनवर्षा कचहरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दिवारी गांव में छापेमारी कर 10.550 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा के साथ 710 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सहरसा के निर्देश पर जिले में सूखा नशा, अवैध मादक पदार्थ और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 4 नवंबर 2026 को सोनवर्षा कचहरी थाना पुलिस को दिवा गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली कि दिवारी गांव के वार्ड संख्या-2 निवासी विनोद यादव अपने घर से अवैध मादक पदार्थों का कारोबार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई के लिए छापेमारी दल का गठन किया। इसके बाद सोनवर्षा कचहरी थानाध्यक्ष सुप्रिती वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम दिवारी गांव स्थित आरोपी के घर पहुंची।

चदरे के बक्से से मिला 10.550 किलो गांजा

पुलिस के पहुंचते ही एक व्यक्ति घर से बाहर निकला। पूछताछ में उसने अपना नाम विनोद यादव बताया। इसके बाद पुलिस ने व्यक्ति और उसके घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान करकट के घर में रखे चदरे के बक्से से कुल 10.550 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा 710 रुपये नकद भी मिले।

पुलिस ने गांजा और नकद राशि को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी विनोद यादव को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद यादव, पिता स्वर्गीय सतो यादव, निवासी दिवारी वार्ड संख्या-2, थाना सोनवर्षा कचहरी, जिला सहरसा के रूप में हुई है।

इस मामले में सोनवर्षा कचहरी थाना कांड संख्या 107/2026, दिनांक 4 नवंबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल

इस कार्रवाई में सोनवर्षा कचहरी थाना की थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक सुप्रिती वर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।