पूर्णिया: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बायसी थाना क्षेत्र के चरैया गांव से 104.130 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गुप्त सूचना और अभियान के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जिले में अवैध ब्राउन शुगर और स्मैक की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में बायसी थाना पुलिस ने चरैया गांव में छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने 104.130 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों से पुलिस आवश्यक पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार युवकों की पहचान बायसी थाना क्षेत्र के घुसकी टोला निवासी मो. रूबेज (20 वर्ष), पिता मो. आजाद, वार्ड संख्या-09 और नाजिक आलम (22 वर्ष), पिता अब्दुल रशीद, वार्ड संख्या-15 के रूप में की है।
बरामदगी का विवरण
* ब्राउन शुगर (स्मैक) – 104.130 ग्राम
* मोबाइल फोन – 2
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बायसी जितेन्द्र पाण्डेय, बायसी थाना के अपर थानाध्यक्ष उत्तम कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सजमुल हसन, मुकेश कुमार सिंह, पीटीसी 612 मो. मुस्ताक आलम सहित बायसी थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Kosi Live की रिपोर्ट