Kosi Live-कोशी लाइव बेगूसराय में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, कार पर 6 राउंड फायरिंग; ड्राइवर ने थाने पहुंचाकर बचाई जान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 18, 2026

बेगूसराय में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, कार पर 6 राउंड फायरिंग; ड्राइवर ने थाने पहुंचाकर बचाई जान

बेगूसराय में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, कार पर 6 राउंड फायरिंग; ड्राइवर ने थाने पहुंचाकर बचाई जान

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में बुधवार को अपराधियों ने कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष कुमार गौरव पर जानलेवा हमला कर दिया। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी सफारी कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में कार पर कई निशान आए, लेकिन गनीमत रही कि कांग्रेस नेता और उनके साथ मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तेजी से कार भगाई और सीधे सिंघौल थाना पहुंच गया।

यह घटना जीरोमाइल सहायक थाना क्षेत्र के पपरौर कब्रिस्तान के पास की है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

बाइक सवार दो बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कुमार गौरव नगर थाना क्षेत्र के ट्रैफिक चौक के पास रहते हैं। बुधवार को वे किसी काम से पपरौर कब्रिस्तान के पास गए थे। उस समय उनकी सफारी कार में ड्राइवर के अलावा संजय नामक एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

बताया जाता है कि काम निपटाकर लौटने के दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उनकी कार पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब छह राउंड गोलियां चलाईं। हमलावर सफेद कपड़े पहने हुए थे और उन्होंने काला हेलमेट लगा रखा था। इस कारण पीड़ित उनकी पहचान नहीं कर सके।

ड्राइवर ने दिखाई सूझबूझ, सीधे थाने पहुंची कार

अचानक हुई गोलीबारी से कार में बैठे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ड्राइवर ने बिना देर किए कार की रफ्तार बढ़ाई और सभी को सुरक्षित लेकर सिंघौल थाने पहुंच गया। वहां कुमार गौरव ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। सदर-टू डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति और जीरोमाइल सहायक थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में पीड़ित को भी जीरोमाइल थाना बुलाया गया।

जमीन विवाद में हमला होने की आशंका

कांग्रेस नेता कुमार गौरव ने फिलहाल किसी राजनीतिक रंजिश से इनकार किया है। हालांकि, उन्होंने इस हमले के पीछे जमीन विवाद होने की आशंका जताई है।

उनके अनुसार, आरके लॉ कॉलेज से जुड़ी कुछ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि कुछ लोग उन पर जमीन लिखने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने के कारण उनके साथ रंजिश रखी जा रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

जीरोमाइल सहायक थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि कुमार गौरव का लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।

वहीं, मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि कुमार गौरव पपरौर कब्रिस्तान के पास जमीन देखने गए थे, इसी दौरान उन पर हमला हुआ। कांग्रेस नेता और उनके साथी पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी को गोली नहीं लगी है और न ही कोई घायल हुआ है।

घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।