पूर्णिया: जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पूर्णिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जलालगढ़ थाना क्षेत्र के दनसार पुल के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक पिकअप और एक मैजिक वाहन से कुल 17 मवेशियों को बरामद किया है। इस कार्रवाई में पांच कथित पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों के साथ पांच मोबाइल फोन और 81,030 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को जलालगढ़ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पशु तस्करों द्वारा पिकअप संख्या BR50GA8445 और मैजिक संख्या BR11GD3957 पर मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने जलालगढ़ थाना क्षेत्र के दनसार पुल के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान दोनों संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक और वाहन में सवार लोग भागने लगे, लेकिन जवानों ने खदेड़कर पांच लोगों को पकड़ लिया।
दोनों वाहनों में ठूंसकर रखे गए थे 17 मवेशी
पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली तो पिकअप से सात गाय और दो बैल, कुल नौ पशु बरामद हुए। वहीं, मैजिक वाहन से छह गाय और दो गाय के बछड़े सहित आठ मवेशी मिले।
जांच के दौरान पाया गया कि सभी पशुओं को छोटे-बड़े प्लास्टिक के रस्सों से बांधकर बेहद क्रूरतापूर्वक एक-दूसरे के ऊपर लादा गया था। कई मवेशियों के शरीर पर चोट के निशान भी मिले। पुलिस ने जब पशुओं के परिवहन से संबंधित कागजात मांगे तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी 17 मवेशियों को विधिवत जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार पांच आरोपियों की पहचान
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के दीवानगंज निवासी शाहबुद्धीन (42 वर्ष) शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्णिया जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र के महमूदिया स्टेट निवासी तहिर (55 वर्ष), शाहबुद्धीन (45 वर्ष), मो. मुर्सलीन (32 वर्ष) और शमसाद (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।
मोबाइल, नकदी और दोनों वाहन जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
* कुल 17 मवेशी
* पांच मोबाइल फोन
* 81,030 रुपये नकद
* एक पिकअप वाहन
* एक मैजिक वाहन
विशेष टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
इस छापेमारी अभियान में जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार, अपर थानाध्यक्ष शिवम कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार, प्रशिक्षु पुलिस निरीक्षक सुधांशु राज, जलालगढ़ थाना के सशस्त्र बल और पूर्णिया की डीआईयू टीम शामिल रही।
पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पशु तस्करी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Kosi Live की रिपोर्ट