Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में महिला सिपाही पर पति के गंभीर आरोप, SP से लगाई पत्नी को वापस दिलाने की गुहार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 8, 2026

बिहार में महिला सिपाही पर पति के गंभीर आरोप, SP से लगाई पत्नी को वापस दिलाने की गुहार

कटिहार में महिला सिपाही पर पति के गंभीर आरोप, SP से लगाई पत्नी को वापस दिलाने की गुहार

कटिहार। बिहार के कटिहार से पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें एक पति ने अपनी पत्नी पर नौकरी लगने के बाद उससे दूरी बनाने और दूसरे युवक से नजदीकी बढ़ाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पति ने कटिहार के एसपी परिचय कुमार को आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप और दोनों की काउंसलिंग कराने की गुहार लगाई है।

मामला कटिहार जिला पुलिस बल में महिला सिपाही के पद पर तैनात प्रतिभा विश्वकर्मा और उनके पति हंस लाल से जुड़ा बताया जा रहा है। हंस लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उनके अनुसार, दोनों की मुलाकात प्रयागराज में हुई थी। आपसी प्रेम के बाद परिवार की सहमति से वर्ष 2022 में दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी।

पति और ससुर ने मिलकर कराई पढ़ाई

शादी के समय प्रतिभा नौकरी नहीं करती थीं और आगे पढ़ाई करना चाहती थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। हंस लाल सब्जी का कारोबार करते थे, जबकि उनके पिता परमहंस गुप्ता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाते थे।

हंस लाल का कहना है कि आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने और उनके पिता ने प्रतिभा की पढ़ाई का खर्च उठाया। परिवार की मेहनत और प्रतिभा की पढ़ाई का परिणाम यह हुआ कि उनका चयन बिहार पुलिस में महिला सिपाही के पद पर हो गया।

नौकरी लगने के बाद बढ़ी दूरियां

प्रतिभा की पहली पोस्टिंग कटिहार जिले के मनसाही थाना में हुई। पति के मुताबिक, नौकरी लगने के बाद धीरे-धीरे उनके व्यवहार में बदलाव आने लगा। फोन पर बातचीत कम हो गई और दोनों के बीच पहले जैसी बातचीत नहीं रही।

हंस लाल का आरोप है कि इसी दौरान प्रतिभा की नजदीकी राहुल शर्मा नाम के युवक से बढ़ गई। पति के मुताबिक राहुल शर्मा महेशखूंट का रहने वाला है। जब उन्होंने राहुल के बारे में पत्नी से सवाल किया तो कथित तौर पर उसे भाई बताया गया।

हालांकि, पति का दावा है कि बाद में उन्हें प्रतिभा के मोबाइल में राहुल के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें और चैट मिलीं। इसी के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

ससुर ने कहा- बहू को पढ़ाकर अपना सपना पूरा किया

इस मामले में प्रतिभा के ससुर परमहंस गुप्ता की कहानी भी सामने आई है। उनका कहना है कि जवानी में उनका सपना पुलिस की वर्दी पहनने का था, लेकिन गरीबी के कारण वह पूरा नहीं हो सका।

उन्होंने ई-रिक्शा चलाकर अपनी बहू की पढ़ाई में मदद की, ताकि वह पुलिस की नौकरी हासिल कर सके। अब उनका कहना है कि जिस बहू को उन्होंने बेटी की तरह पढ़ाया-लिखाया, उसी के कारण आज उनके बेटे का वैवाहिक जीवन संकट में है।

SP से मिले पति, महिला थाना कराएगा काउंसलिंग

पिछले दो दिनों से हंस लाल और उनके पिता कटिहार पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। हंस लाल ने कटिहार के एसपी परिचय कुमार को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी।

बताया गया कि अपनी परेशानी बताते हुए हंस लाल भावुक हो गए और रो पड़े। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने इसे फिलहाल पारिवारिक विवाद बताया है। दोनों पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए महिला थाना के माध्यम से काउंसलिंग कराने का आश्वासन दिया गया है।

फिलहाल मामला पुलिस के पास है और काउंसलिंग के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद का समाधान किस तरह होता है। पति द्वारा लगाए गए दूसरे युवक से संबंध के आरोपों पर संबंधित महिला सिपाही का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

कोशी लाइव की रिपोर्ट