Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में हथियार, शराब और स्मैक सेवन का वीडियो वायरल करने का आरोप, युवक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 8, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा में हथियार, शराब और स्मैक सेवन का वीडियो वायरल करने का आरोप, युवक गिरफ्तार

मधेपुरा में हथियार, शराब और स्मैक सेवन का वीडियो वायरल करने का आरोप, युवक गिरफ्तार

मधेपुरा। सिंहेश्वर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार, शराब और स्मैक सेवन से जुड़े फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान लालपुर सरोपट्टी वार्ड नंबर-4 निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हथियार के साथ वीडियो वायरल होने की मिली सूचना

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर हथियार के साथ एक वीडियो वायरल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिंहेश्वर थानाध्यक्ष पुनि बिनोद कुमार सिंह के बयान के अनुसार पुलिस टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस लालपुर सरोपट्टी स्थित मनीष कुमार के घर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, टीम जब उसके घर पहुंची तो मनीष दरवाजे पर चारा काट रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसके घर और आसपास तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

मोबाइल की जांच में मिले फोटो-वीडियो

पुलिस का दावा है कि बरामद मोबाइल की जांच करने पर हथियार, शराब और स्मैक का सेवन करते हुए फोटो मिले। पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर इन तस्वीरों को खुद लेने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने जब हथियार से संबंधित जानकारी मांगी तो उसके जवाब को संतोषजनक नहीं बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पूछताछ में सामने आए नाम पर दूसरे युवक के घर पहुंची पुलिस

पूछताछ के दौरान सामने आए एक नाम के आधार पर पुलिस टीम अमित कुमार के घर भी पहुंची। वहां पुलिस ने तलाशी ली, लेकिन किसी तरह का आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं होने की बात कही गई है।

पुलिस के अनुसार अमित कुमार ने खुद को मामले में गलत तरीके से फंसाए जाने का आरोप लगाया है। उसके घर से किसी आपत्तिजनक वस्तु की बरामदगी नहीं होने की पुष्टि पुलिस ने की है।

आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी, आरोपी भेजा गया जेल

मामले में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष के बयान पर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी के बाद गिरफ्तार मनीष कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस बरामद मोबाइल में मिले फोटो और वीडियो की जांच कर रही है। साथ ही वायरल वीडियो में दिख रहे हथियार से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार वास्तविक है या नहीं और सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री का पूरा घटनाक्रम क्या है।

कोशी लाइव की रिपोर्ट