Kosi Live-कोशी लाइव OMG😭पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार अर्टिगा ट्रक में घुसी, 4 क्रिकेटरों की मौत; 2 घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, October 7, 2026

OMG😭पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार अर्टिगा ट्रक में घुसी, 4 क्रिकेटरों की मौत; 2 घायल

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार अर्टिगा ट्रक में घुसी, 4 क्रिकेटरों की मौत; 2 घायल


सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार क्रिकेटरों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 97.500 के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। सभी छह लोग अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी। आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

कार में फंसे लोगों को दरवाजा तोड़कर निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। राहगीरों और सुरक्षाकर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार के गेट तोड़े और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक और घायल की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

हादसे में मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20), अनंत यादव और भागलपुर निवासी अनिकेत (24) के रूप में हुई है।

वहीं घायलों में देवरिया के राजू यादव (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं।

घायल ने बताया- हादसे के बाद खुली नींद

घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि कार में सवार लोग सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर हुई तो उनकी नींद खुली। उन्होंने देखा कि कार ट्रक में घुस चुकी थी और उनके साथी खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद राहगीरों ने कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।

क्रिकेट खेलते थे अनिकेत

अनिकेत देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार, वह अच्छा क्रिकेट खेलते थे। उनके पिता अमरजीत सिंह शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं, जबकि मां रंभा देवी गृहिणी हैं। अनिकेत का छोटा भाई अंकित सिंह पढ़ाई करता है और उनकी दो बहनें रिया और रिशु हैं।

अज्ञात ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। जिस ट्रक में अर्टिगा पीछे से टकराई, उसकी पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Kosi Live की रिपोर्ट