Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 13.87 लाख के सिक्कों से लदी पिकअप जब्त: 29 बोरियों में मिले पांच रुपये के सिक्के, चालक समेत दो गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, October 7, 2026

बिहार में 13.87 लाख के सिक्कों से लदी पिकअप जब्त: 29 बोरियों में मिले पांच रुपये के सिक्के, चालक समेत दो गिरफ्तार

भोजपुर में 13.87 लाख के सिक्कों से लदी पिकअप जब्त: 29 बोरियों में मिले पांच रुपये के सिक्के, चालक समेत दो गिरफ्तार

भोजपुर। जिले के हसनबाजार थाना क्षेत्र में आरा-सासाराम हाईवे पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने पांच रुपये के सिक्कों से लदी एक पिकअप जब्त की है। पिकअप में 29 बोरियों में भारी मात्रा में सिक्के रखे हुए थे। पुलिस के अनुसार, बरामद सिक्कों की कुल कीमत 13 लाख 87 हजार 910 रुपये है।

मामले में पुलिस ने पिकअप चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी मनोज कुमार गुप्ता और पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव निवासी बर्तन कारोबारी जनीश कुमार के रूप में हुई है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई पिकअप

पुलिस के अनुसार, सहेजनी के पास वाहन जांच अभियान चल रहा था। इसी दौरान आरा की ओर से आ रही एक पिकअप को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप पर लदी 29 बोरियों में पांच रुपये के सिक्के मिले।

सिक्कों की सही संख्या और कुल कीमत निर्धारित करने के लिए मजिस्ट्रेट की निगरानी में उनकी गिनती कराई गई। गिनती पूरी होने के बाद सिक्कों की कुल कीमत 13,87,910 रुपये पाई गई। इसके बाद पुलिस ने पिकअप जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

हार्डवेयर सामान की आड़ में ले जाए जा रहे थे सिक्के

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि सिक्कों को रोहतास जिले के डेहरी आन सोन से पिकअप में लोड किया गया था। इन्हें पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव ले जाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, सिक्कों को हार्डवेयर के वाशर-बोल्ट की आड़ में रखा गया था। अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सिक्के कहां से जुटाए गए और इन्हें परेव में किस व्यक्ति को सौंपा जाना था।

सिक्कों को गलाकर सामान बनाने की बात

हसनबाजार थानाध्यक्ष जयराम के अनुसार, पूछताछ में सिक्कों को गलाकर उनसे अलग-अलग सामान तैयार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बरामद सिक्के वैध तरीके से हासिल किए गए थे या इनके पीछे कोई अन्य गतिविधि है।

पुलिस सिक्कों के स्रोत, उन्हें खरीदने वाले व्यक्ति और अंतिम गंतव्य की जानकारी जुटा रही है। मामले में मुद्रा एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Kosi Live की रिपोर्ट