उदाकिशुनगंज में लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
मधेपुरा। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन हुए सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे एनएच-106 पर बाड़ाटेनी गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
मृतकों की पहचान मधुबन गांव के वार्ड संख्या 8 निवासी राजेश कुमार शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र उदय शर्मा और सिंकेद्र शर्मा के 28 वर्षीय पुत्र नवीन कुमार के रूप में हुई है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय सड़क किनारे एक ट्रैक्टर की ट्रॉली खड़ी थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से टकरा गई। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन की बाइक में टक्कर लगने की बात भी सामने आ रही है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
मोबाइल से हुई दोनों युवकों की पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद उदाकिशुनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों के पास मिले मोबाइल फोन और अन्य जानकारी के आधार पर उनकी पहचान की। इसके बाद मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों युवकों की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा समेत आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया गया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद बाइक को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-106 पर तेज रफ्तार वाहनों के साथ सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लगातार दूसरे दिन सड़क हादसे में मौत होने से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Kosi Live की रिपोर्ट