स्व. विंदेश्वरी मेहता की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे उपेंद्र कुशवाहा, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
सहरसा से पप्पू मेहता की रिपोर्ट
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा रविवार को सहरसा पहुंचे। उन्होंने समदा पंचायत के पूर्व मुखिया स्व. विंदेश्वरी मेहता की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उनके तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
सहरसा पहुंचने से पहले रालोसपा के जिलाध्यक्ष एवं महिषी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी रहे चंदन बागची के नेतृत्व में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने बलुआहा पुल के समीप उपेंद्र कुशवाहा का फूल-माला से स्वागत किया।
इसके बाद उपेंद्र कुशवाहा समदा गांव में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्व. विंदेश्वरी मेहता एक कुशल और ईमानदार व्यक्ति थे। उनसे उनका व्यक्तिगत रिश्ता था। उन्होंने कहा कि दुनिया में जिसका जन्म हुआ है, उसका जाना भी तय है और मृत्यु पर किसी का नियंत्रण नहीं है।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि स्व. मेहता का समय से पहले निधन समाज के साथ-साथ उनके लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा कि इस क्षति की भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा तथा मधेपुरा से लोकसभा प्रत्याशी रहे विजय कुशवाहा ने भी स्व. विंदेश्वरी मेहता को श्रद्धांजलि दी। दोनों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें नेकदिल, सच्चा और उदार व्यक्ति बताया।
कार्यक्रम का संचालन अजय कुशवाहा ने किया। मौके पर प्रदेश महासचिव रोशन राजा, सहरसा जिलाध्यक्ष चंदन बागची, मधेपुरा रालोसपा जिलाध्यक्ष रविशंकर कुमार पिंटू, समाजसेवी पप्पू मेहता, रमेश मेहता, जितेंद्र मेहता, अंबिका शरण, प्रभुनारायण ब्रह्मचारी सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
कोशी लाइव — नई सोच नई खबर