Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: कार में कट्टा रखकर बनाया वीडियो, पुलिस पहुंची तो मचान के नीचे मिली शराब, पांच गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, October 6, 2026

BIHAR: कार में कट्टा रखकर बनाया वीडियो, पुलिस पहुंची तो मचान के नीचे मिली शराब, पांच गिरफ्तार

दरभंंगा। स्विफ्ट डिजायर कार में हथियार का प्रदर्शन करते हुए इंटरनेट मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने वाले पांच आरोपितों को सिंहवाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है और एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया।
पुलिस ने छह मोबाइल, एक कट्टा, स्विफ्ट डिजायर कार, हीरो स्पेलेंडर बाइक, साइकिल और 49.755 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों में सनहपुर निवासी योगेश कुमार उर्फ लड्डू, रोहित कुमार, बबन कुमार, भरवाड़ा निवासी मनीष कुमार और मुजफ्फरपुर के जजुआर थाना क्षेत्र के लखनपुर का प्रवीण कुमार ठाकुर शामिल हैं।

जबकि सनहपुर निवासी गुरुदेव भगत फरार है। यह जानकारी सदर एसडीपीओ-टू कमतौल एसके सुमन ने मंगलवार को सिंहवाड़ा थाना परिसर में मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि थानाध्यक्ष बसंत कुमार को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक वीडियो मिला था, जिसमें स्विफ्ट डिजायर कार में तीन युवक बैठे थे और गियर के पास हथियार रखा हुआ था।पहचान के बाद पुलिस को सूचना मिली कि योगेश कुमार उर्फ लड्डू सनहपुर की गाछी स्थित मचान पर रहता है। पुलिस टीम ने मचान की घेराबंदी कर योगेश, रोहित और एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा।

पूछताछ में योगेश ने वीडियो अपनी आइडी से पोस्ट करने की बात स्वीकार की। तलाशी में तकिया के नीचे से एक कट्टा, चिलम सहित नशे के उपकरण और मचान व आसपास की झाड़ियों से 49.755 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में मनीष कुमार की पहचान वीडियो में दिख रही कार के चालक के रूप में हुई। उसके भरवाड़ा स्थित घर से वीडियो में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई।

पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही तालाब में फेंक दिया हथियार

पुलिस पूछताछ में मनीष ने हथियार को लखनपुर निवासी प्रवीण कुमार ठाकुर के यहां रखे जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने प्रवीण के घर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही प्रवीण ने वीडियो में दिख रहा हथियार तालाब में फेंक देने की बात बताई।पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर तालाब में हथियार की तलाश कराई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद हथियार बरामद नहीं हो सका। इसके बाद प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसडीपीओ ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही देसी कट्टा कहां से आया और शराब के अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।

फरार गुरुदेव भगत की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष बसंत कुमार, दारोगा दिलीप कुमार, निलेश कुमार, सुरेंद्र कुमार सिंह, कमलेश कुमार मिश्रा, शंभू कुमार सिंह, संजय कुमार सहित थाना रिजर्व बल शामिल थे।