फारबिसगंज में 102 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, तीसरा बाइक छोड़कर फरार
फारबिसगंज (अररिया)। फारबिसगंज थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। वहीं, मौके से एक अन्य युवक अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
फारबिसगंज के एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने आदर्श थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमराहा थाना क्षेत्र से कुछ लोग दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर भारी मात्रा में स्मैक लेकर फारबिसगंज शहर की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने ढोलबज्जा बाबा चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान ढोलबज्जा की ओर से आ रहे बाइक सवार युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि अपाचे बाइक पर सवार तीसरा युवक अपनी बाइक सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय मो. बारीक, पिता असलम, और 29 वर्षीय मो. आशिक, पिता अब्दुल रहीम, के रूप में हुई है। दोनों अररिया जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत अदराहा मदारगंज के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 102 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
एक आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मो. आशिक का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ फारबिसगंज थाने में कांड संख्या 113/25 दर्ज है।
वहीं, फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मनोज कुमार के साथ पुअनि अमित राज, प्रशिक्षु पुअनि मनीष कुमार, सिपाही शिव शंकर ठाकुर और मिथिलेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।