Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में 309 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो बाइक और चार मोबाइल बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 22, 2026

पूर्णिया में 309 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो बाइक और चार मोबाइल बरामद

पूर्णिया में 309 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, दो बाइक और चार मोबाइल बरामद

दमका चौक के पास नहर किनारे सदर थाना पुलिस की कार्रवाई, तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

पूर्णिया। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 309 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 20 अक्टूबर 2026 को सदर थाना क्षेत्र के दमका चौक स्थित नहर के पास की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिनव परासर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान चार संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली गई, जिसमें कुल 309 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर निवासी नन्हु शेख के पुत्र रसीद उल शेख (30 वर्ष), पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झिटकिया गांव के वार्ड संख्या-5 निवासी उमर अली के पुत्र शीश मो. (23 वर्ष) और तफजुल हक के पुत्र मो. जमशेद आलम (26 वर्ष) तथा कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र के हाफला गांव के वार्ड संख्या-11 निवासी मो. यासिन के पुत्र मो. मफिजुल (23 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ के अलावा दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस मामले में मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले स्रोत और इसकी खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है, ताकि इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सके।

छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल

कार्रवाई में सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिनव परासर, कार्यपालक दंडाधिकारी हरिओम शरण, सदर थाना के थानाध्यक्ष राजू कुमार, गुलाबबाग टीओपी प्रभारी शशि कुमार भगत, पुलिस अवर निरीक्षक राज कुमार, अवध किशोर प्रसाद, मुन्ना कुमार पटेल और नवल किशोर सिंह सहित तकनीकी शाखा पूर्णिया के कर्मी एवं सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।