Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:मेला देखने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दोस्त गंभीर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 22, 2026

BIHAR NEWS:मेला देखने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दोस्त गंभीर

दरभंगा में मेला देखने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दोस्त गंभीर


कार और बाइक की जोरदार टक्कर में गई 19 वर्षीय मोनू सहनी की जान, डीएमसीएच ले जाने के दौरान तोड़ा दम

दरभंगा। जिले के केवटी थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक मोनू कुमार सहनी की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका दोस्त और रिश्तेदार रोहित सहनी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक से मेला देखने जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी बाइक की एक कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केवटी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मोनू की मौत हो गई। वहीं, रोहित का इलाज जारी है।

घर से ढाई किलोमीटर दूर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, केवटी पंचायत के वार्ड संख्या-17 निवासी नंदलाल सहनी का पुत्र मोनू कुमार सहनी अपने दोस्त और रिश्तेदार रोहित सहनी के साथ बुधवार की देर रात बाइक से धेपुरा में मेला देखने के लिए निकला था। रोहित सहनी दरभंगा सदर प्रखंड के धोईघाट निवासी सुरेंद्र सहनी का पुत्र है।

घर से करीब ढाई किलोमीटर आगे रामजुलूम उच्च विद्यालय, बनवारी के सामने उनकी बाइक की एक कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के दाहिने हिस्से और अगले भाग को काफी नुकसान पहुंचा। वहीं, बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सिर और शरीर में आई गंभीर चोटें

हादसे में मोनू कुमार सहनी का दाहिना पैर टूट गया था। उसके सिर, हाथ, पीठ और छाती में भी गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, रोहित सहनी के पैर और कमर में गंभीर चोट लगी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केवटी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया। इसी दौरान अस्पताल ले जाने के क्रम में मोनू ने दम तोड़ दिया।

चार भाइयों में सबसे छोटा था मोनू

मोनू कुमार सहनी चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह गांव में दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने लाया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों और हादसे में शामिल कार के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।