बोलेरो से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद, 6 महिलाएं समेत 7 गिरफ्तार; वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई खेप
गोपालगंज। कुचायकोट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर ओवरब्रिज के पास उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब तस्करी के आरोप में वाहन चालक समेत छह महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप एक वाहन के जरिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने पहाड़पुर ओवरब्रिज के पास सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर जांच की गई।
पूछताछ के दौरान चालक ने पुलिस को बताया कि वह वाहन में सवारी लेकर जा रहा है। बोलेरो में छह महिलाएं भी सवार थीं। संदेह होने पर उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
चालक समेत 7 लोग गिरफ्तार
शराब बरामद होने के बाद वाहन में सवार सभी सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर दुखहरण गांव निवासी लवंगी देवी, रूबी देवी, मीरा देवी, मीना देवी, सुशीला देवी और सरस्वती देवी के रूप में हुई है। वहीं वाहन चालक की पहचान आशीष सिंह के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग की टीम ने बोलेरो को भी जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उत्पाद विभाग के अनुसार, जिले में शराब तस्करी के मामलों में यह पहली कार्रवाई है, जिसमें एक साथ छह महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और इसके संभावित गंतव्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।