Kosi Live-कोशी लाइव मैंने 7 साल प्यार किया, उसने दूसरा बॉयफ्रेंड बनाया':होटल में जबरन संबंध बनाए, उसी के नंबर से वीडियो शेयर किया; लड़की को पीटने वाले का कबूलनामा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 1, 2026

मैंने 7 साल प्यार किया, उसने दूसरा बॉयफ्रेंड बनाया':होटल में जबरन संबंध बनाए, उसी के नंबर से वीडियो शेयर किया; लड़की को पीटने वाले का कबूलनामा

7 साल के रिश्ते के बाद प्रेमिका पर हमला, होटल में मारपीट और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का आरोप; आरोपी रोहित और जीजा गिरफ्तार

बेगूसराय। नगर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती के साथ होटल में मारपीट, जबरन संबंध बनाने और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित कुमार और उसके जीजा विक्रम कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों को 30 सितंबर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, युवती ने 28 सितंबर की रात नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि रोहित ने उसे होटल में बुलाकर उसके साथ मारपीट की और जबरन संबंध बनाए। इसके अलावा उसके मोबाइल नंबर और सिम का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया।

7 साल से प्रेम संबंध होने का आरोपी का दावा

पूछताछ में रोहित ने पुलिस को बताया कि उसका युवती के साथ करीब सात साल से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। आरोपी के मुताबिक, करीब दो महीने पहले उसे पता चला कि युवती किसी अन्य युवक से भी बातचीत कर रही है और दोनों के बीच प्रेम संबंध है।

रोहित ने पुलिस को बताया कि इसी बात को लेकर वह नाराज था। 27 सितंबर को दोनों होटल में बातचीत करने पहुंचे थे। उसके अनुसार, वह सुबह करीब 7 बजे होटल पहुंचा था, जबकि युवती करीब साढ़े 7 बजे वहां पहुंची। दोनों करीब पांच घंटे बाद दोपहर साढ़े 12 बजे होटल से बाहर निकले।

होटल में विवाद के बाद मारपीट का आरोप

आरोपी ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि दूसरे युवक से संबंध को लेकर होटल के कमरे में विवाद बढ़ गया था। इसी दौरान उसने युवती के साथ मारपीट की और उसके साथ गलत व्यवहार किया। इसके बाद उसने युवती का मोबाइल तोड़ दिया और उसका सिम अपने मोबाइल में लगाकर उसके नंबर से व्हाट्सऐप बनाया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मारपीट का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वायरल वीडियो में युवती आरोपी से छोड़ने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है।

जीजा पर होटल पहुंचाने का आरोप

मामले में रोहित के साथ उसके जीजा विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। युवती ने आरोप लगाया था कि विक्रम उसे होटल तक पहुंचाने में शामिल था। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पहले भी होटल में मिलने की बात

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोहित और युवती पहले भी कई बार होटल में मिल चुके थे। पूछताछ में रोहित ने बताया कि दोनों की इससे पहले आखिरी मुलाकात 2 अगस्त को हुई थी। आरोपी का कहना है कि करीब दो महीने पहले युवती ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था।

ट्यूशन पढ़ाने के दौरान शुरू हुआ था संपर्क

रोहित की बहन नंदनी के अनुसार, उसका भाई युवती के ननिहाल में ट्यूशन पढ़ाने जाता था। वहां वह युवती के ममेरे भाई-बहनों को पढ़ाता था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गया।

नंदनी का दावा है कि बाद में युवती स्वयं सहायता समूह में काम करने लगी, जहां उसकी किसी दूसरे युवक से बातचीत शुरू हुई। हालांकि, इस दावे की पुष्टि पुलिस जांच से होना बाकी है।

समझौते की कोशिश का भी दावा

पुलिस जांच के अनुसार, 27 सितंबर को होटल से निकलने के बाद युवती के परिजनों को घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद वे दामोदरपुर गांव पहुंचे, जहां स्थानीय स्तर पर बैठक कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया। बात नहीं बनने के बाद 28 सितंबर की रात युवती ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस अब होटल में हुई पूरी घटना, वीडियो वायरल करने, जबरन संबंध बनाने के आरोप और दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।