Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में जुआ खेलते 6 गिरफ्तार, 53,240 रुपये नकद बरामद; छह मोबाइल और ताश की गड्डी जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 31, 2026

पूर्णिया में जुआ खेलते 6 गिरफ्तार, 53,240 रुपये नकद बरामद; छह मोबाइल और ताश की गड्डी जब्त

पूर्णिया में जुआ खेलते 6 गिरफ्तार, 53,240 रुपये नकद बरामद; छह मोबाइल और ताश की गड्डी जब्त

पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को मछलीपट्टी में जुआ खेलते हुए पकड़ा। मौके से 53 हजार 240 रुपये नकद, छह एंड्रॉयड मोबाइल और ताश की एक गड्डी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को भवानीपुर थाना क्षेत्र के मछलीपट्टी में अवैध रूप से जुआ खेले जाने की सूचना थानाध्यक्ष को मिली थी। इसकी जानकारी तत्काल वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया को दी गई। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, धमदाहा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

गठित टीम ने मछलीपट्टी में छापेमारी की। इस दौरान छह लोग कथित रूप से अवैध जुआ खेलते हुए पकड़े गए। पुलिस ने मौके से 53,240 रुपये नकद, छह एंड्रॉयड मोबाइल और ताश की एक गड्डी जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने जिन छह लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें भवानीपुर वार्ड संख्या 16 निवासी गोविंद कुमार साह (30), सुदामानगर वार्ड संख्या 16 निवासी मनीष कुमार उर्फ जग्गा (22), गोड़ियारी टोला वार्ड संख्या 1 निवासी मनीष कुमार (21), सुदामानगर वार्ड संख्या 16 निवासी जीतू कुमार (22), गोड़ियारी टोला वार्ड संख्या 6 निवासी छोटू कुमार (25) और भांगड़ा वार्ड संख्या 1 निवासी मोहम्मद शाहबुद्दीन (38) शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भवानीपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध जुआ खेलने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।