Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में त्रिवेणीगंज की CO प्रियंका सिंह हटाई गईं, DM ने राजस्व कार्यों में लापरवाही पर की कार्रवाई; मरौना के RO प्रेम शंकर को मिला प्रभार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 1, 2026

सुपौल में त्रिवेणीगंज की CO प्रियंका सिंह हटाई गईं, DM ने राजस्व कार्यों में लापरवाही पर की कार्रवाई; मरौना के RO प्रेम शंकर को मिला प्रभार

सुपौल में त्रिवेणीगंज की CO प्रियंका सिंह हटाई गईं, DM ने राजस्व कार्यों में लापरवाही पर की कार्रवाई; मरौना के RO प्रेम शंकर को मिला प्रभार
सुपौल जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी सावन कुमार ने प्रशासनिक कार्रवाई की है। त्रिवेणीगंज की अंचल अधिकारी (CO) प्रियंका सिंह को तत्काल प्रभाव से अंचल के सभी कार्यों और प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। उन्हें अपर समाहर्त्ता कार्यालय, सुपौल में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। वहीं, मरौना के राजस्व अधिकारी प्रेम शंकर को त्रिवेणीगंज अंचल अधिकारी के पदीय दायित्वों के निर्वहन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

30 अक्टूबर को जारी हुआ प्रशासनिक आदेश

इस संबंध में जिलाधिकारी सावन कुमार ने 30 अक्टूबर 2026 को आदेश संख्या 993/स्थापना जारी किया है। आदेश में त्रिवेणीगंज अंचल के राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही पाए जाने का उल्लेख किया गया है।

दाखिल-खारिज और राजस्व संग्रहण में लापरवाही

डीएम के आदेश के अनुसार, अंचल अधिकारी प्रियंका सिंह के स्तर से राजस्व संग्रहण, दाखिल-खारिज, अतिक्रमणवाद, लोक शिकायत निवारण और सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में लापरवाही बरती जा रही थी। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण विभागीय कार्यों के निष्पादन में भी अत्यधिक लापरवाही का उल्लेख किया गया है।

बार-बार निर्देश के बावजूद नहीं हुआ सुधार

आदेश में कहा गया है कि उच्चाधिकारियों की ओर से बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में संतोषजनक सुधार नहीं हुआ। इसके बाद प्रशासनिक दृष्टिकोण, जनहित और विभागीय अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से प्रियंका सिंह को त्रिवेणीगंज अंचल के सभी कार्यों और प्रभार से मुक्त करने का निर्णय लिया गया।

मरौना के RO प्रेम शंकर को मिली जिम्मेदारी

जिलाधिकारी के आदेश के तहत मरौना के राजस्व अधिकारी प्रेम शंकर को त्रिवेणीगंज अंचल का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। उन्हें बिहार कोषागार संहिता, 2011 के नियम 84 के तहत वित्तीय कार्यों के निष्पादन के लिए निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) की शक्ति भी प्रदान की गई है।

तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश

डीएम ने इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। आदेश की प्रतिलिपि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब त्रिवेणीगंज अंचल में राजस्व कार्यों के निष्पादन की जिम्मेदारी प्रेम शंकर के पास होगी।