Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा मेडिकल कॉलेज की 5वीं मंजिल से चादर की रस्सी बनाकर फरार हुए दो कैदी, पुलिस ने कुछ ही घंटों में दबोचा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, October 28, 2026

मधेपुरा मेडिकल कॉलेज की 5वीं मंजिल से चादर की रस्सी बनाकर फरार हुए दो कैदी, पुलिस ने कुछ ही घंटों में दबोचा

मधेपुरा मेडिकल कॉलेज की पांचवीं मंजिल से चादर की रस्सी बनाकर फरार हुए दो कैदी, पुलिस ने कुछ ही घंटों में दबोचा
मधेपुरा। जिले के जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के कैदी वार्ड से बुधवार तड़के दो उपचाराधीन बंदी फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। दोनों ने पांचवीं मंजिल पर स्थित वार्ड की ग्रिल का पाइप तोड़कर बिस्तर की चादरों को आपस में बांधा और रस्सी बनाकर नीचे उतर गए। घटना बुधवार अलसुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, सिंहेश्वर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर दोनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

11 दिन से अस्पताल में भर्ती था एक कैदी, ऑपरेशन होना था

जानकारी के अनुसार, शंकरपुर प्रखंड के मधेली बाजार, वार्ड संख्या 12 निवासी मो. कलाम का पुत्र मो. इस्लाम उर्फ मो. जुगनू पिछले 11 दिनों से जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज के कैदी वार्ड में भर्ती था। चिकित्सकों ने बुधवार को ही उसका ऑपरेशन करने का समय निर्धारित किया था।

वहीं, दूसरा बंदी सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के जजहट सबैला पंचायत के वार्ड संख्या पांच निवासी अमुन हजर का पुत्र मो. हजर उर्फ अब्बु हजर था। उसे सोमवार को इलाज के लिए जेल से मेडिकल कॉलेज लाया गया था।

बताया जा रहा है कि दोनों ने मिलकर फरार होने की योजना बनाई। बुधवार तड़के मौका मिलते ही उन्होंने वार्ड की ग्रिल का पाइप तोड़ा और बेडशीट को आपस में बांधकर रस्सी तैयार की। इसके सहारे दोनों पांचवीं मंजिल से नीचे उतरकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की छापेमारी

कैदी वार्ड से बंदियों के फरार होने की जानकारी मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था में लगे कर्मियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सिंहेश्वर थाना पुलिस सक्रिय हुई और दोनों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई।

सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। एसआई रोशन कुमार ने पुलिस बल के साथ गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की और दोनों बंदियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

बहन के घर से पकड़ा गया मो. जुगनू

पुलिस के अनुसार, मुख्य बंदी मो. इस्लाम उर्फ मो. जुगनू को कुमारखंड प्रखंड के टेंगराहा स्थित उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि वह वहां छिपने की कोशिश कर रहा था।

वहीं, दूसरे बंदी मो. हजर उर्फ अब्बु हजर को शंकरपुर प्रखंड के चौरा गांव से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच सिंहेश्वर थाना लेकर पहुंची। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित कैदी वार्ड से ग्रिल का पाइप तोड़कर और चादरों की रस्सी के सहारे दो बंदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षा गार्डों की निगरानी को लेकर भी जांच की जा रही है।

थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने दोनों बंदियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा में हुई चूक के संबंध में विभागीय जांच कराई जा रही है।

दोनों के खिलाफ दर्ज होगी नई प्राथमिकी

पुलिस के अनुसार, दोनों बंदियों के खिलाफ अभिरक्षा से फरार होने के मामले में नई प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, अस्पताल के कैदी वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच भी की जा रही है।

फिलहाल दोनों बंदी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों किस तरह वार्ड से बाहर निकलने में सफल हुए और इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की क्या भूमिका रही।