सुपौल में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, कोरेक्स-स्मैक और शराब के साथ 5 गिरफ्तार; लोडेड पिस्टल, कारतूस व बुलेट बाइक बरामद
सुपौल। जिले के लौकहा थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर बरुआरी गांव में छापेमारी कर पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 210 बोतल कोरेक्स, 75 ग्राम स्मैक, अंग्रेजी और देसी शराब, नकदी, एक बुलेट मोटरसाइकिल, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में एक के पास से पांच गोलियों से लोडेड पिस्टल भी मिली है।
झोपड़ी में छापेमारी कर चार आरोपित गिरफ्तार
लौकहा थानाध्यक्ष अमित कुमार के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बरुआरी गांव में फूस-टाट से बनी एक झोपड़ी में कुछ लोग नशीले पदार्थों के साथ मौजूद हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
इस दौरान बरुआरी गांव के वार्ड नंबर आठ निवासी गुड्डू सिंह, वार्ड नंबर छह निवासी कैलाश कुमार सिंह, वार्ड नंबर पांच निवासी बौबी कुमार सिंह और वार्ड नंबर चार निवासी राजा सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने झोपड़ी से 100 मिलीलीटर की 193 बोतल कोरेक्स, 15 ग्राम स्मैक, सात हजार रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। तलाशी के दौरान गुड्डू सिंह के पास से पांच गोलियों से लोडेड एक पिस्टल भी मिली। पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर लिया।
आरोपित के घर से शराब, स्मैक और कारतूस बरामद
झोपड़ी से चार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गुड्डू सिंह की निशानदेही पर उसके घर में भी छापेमारी की। इस दौरान घर से शराब, स्मैक, कारतूस और नकदी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, घर से 750 मिलीलीटर की छह बोतल माल्टा अंग्रेजी शराब, 100 मिलीलीटर की 17 बोतल कोरेक्स, 15 लीटर देसी चुलाई शराब, 60 ग्राम स्मैक, 12 बोर के दो जिंदा कारतूस और 6,350 रुपये नकद मिले।
इसके बाद पुलिस ने बरुआरी निवासी सुमन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामले में गिरफ्तार आरोपितों की कुल संख्या पांच हो गई।
कुल 210 बोतल कोरेक्स और 75 ग्राम स्मैक बरामद
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, झोपड़ी और घर से कुल 210 बोतल कोरेक्स तथा 75 ग्राम स्मैक बरामद किए गए हैं। इसके अलावा अंग्रेजी शराब, 15 लीटर देसी चुलाई शराब, नकदी, एक पिस्टल, पांच गोलियां, 12 बोर के दो जिंदा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इनके कारोबार में अन्य लोगों की भी कोई भूमिका है या नहीं।
पांचों आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी
लौकहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सभी पांचों आरोपितों को थाने लाया गया है। बरामद नशीले पदार्थों, शराब, हथियार, कारतूस और अन्य सामान के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।