अररिया में शराब लूटकांड पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 गिरफ्तार; 8 नामजद समेत 50 लोगों पर FIR
अररिया के रानीगंज थाना क्षेत्र में शराब लदे ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शराब की बोतलें लूटने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में 8 नामजद समेत करीब 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना शुक्रवार को खरहट टोल प्लाजा के पास हुई। बताया गया कि शराब से लदा एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक में सीमेंट की आड़ में विदेशी शराब की पेटियां छिपाकर ले जाई जा रही थीं। हादसे के बाद ट्रक से शराब के कार्टन और बोतलें सड़क पर बिखर गईं।
इसके बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते कई लोग सड़क पर गिरी शराब की बोतलें उठाने लगे। कुछ लोग ट्रक के ऊपर चढ़कर अंदर रखी शराब की पेटियां निकालते हुए भी नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। सूचना मिलने पर रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को वहां से हटाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के साथ बची हुई शराब को जब्त कर लिया।
वायरल वीडियो के आधार पर चार गिरफ्तार
पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खरहट पंचायत के रोहित कुमार, सुबोध विश्वास तथा नंदकार निवासी रूपेश विश्वास और गौरव विश्वास के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 7.5 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
8 नामजद समेत 40-50 अज्ञात पर केस
रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में आठ लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा करीब 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अररिया सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर शराब ले जाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ट्रक मालिक और शराब की तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।