Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 20 फीट गहरे तालाब में गिरी महिंद्रा XUV 3XO, एक व्यक्ति की मौत; दूसरे के भी डूबने की आशंका, SDRF करेगी तलाश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 31, 2026

बिहार में 20 फीट गहरे तालाब में गिरी महिंद्रा XUV 3XO, एक व्यक्ति की मौत; दूसरे के भी डूबने की आशंका, SDRF करेगी तलाश

बांका में 20 फीट गहरे तालाब में गिरी महिंद्रा XUV 3XO, एक व्यक्ति की मौत; दूसरे के भी डूबने की आशंका, SDRF करेगी तलाश

बिहार के बांका जिले में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रजौन थाना क्षेत्र के रायपुरा केमिकल फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार महिंद्रा XUV 3XO अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे तालाब में जा गिरी। हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि वाहन में एक अन्य व्यक्ति के भी सवार होने की आशंका जताई जा रही है। उसकी तलाश के लिए शनिवार को SDRF की टीम अभियान चलाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तालाब से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। हालांकि, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

तालाब में जलती दिखी गाड़ी की लाइट, ग्रामीणों ने मचाया शोर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन तेज रफ्तार में रायपुरा केमिकल फैक्ट्री के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे तालाब में जा गिरी। बताया जा रहा है कि वाहन पूर्णिया की तरफ जा रहा था।

वादे हसनपुर निवासी कैलाश सिंह ने बताया कि वह रात में गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें तालाब के पानी में गाड़ी की लाइट जलती दिखाई दी। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

ग्रामीणों ने गहरे पानी में लगाई डुबकी, एक शव निकाला

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बचाव अभियान में मोर्चा संभाल लिया। धोबी डीह गांव के योगेश पंडित, राजेश साह और वादे हसनपुर के कैलाश सिंह ने कई बार गहरे पानी में डुबकी लगाई। काफी प्रयास के बाद एक व्यक्ति का शव तालाब से बाहर निकाला गया।

इसके बाद क्रेन की मदद से तालाब में डूबी गाड़ी को निकालने की तैयारी की गई। देर रात करीब 12:30 बजे वाहन को पानी से बाहर निकाला गया। गाड़ी के चारों शीशे टूटे हुए थे।

गाड़ी में मिले पूजा सामग्री, मिठाई और कागजात

वाहन को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान गाड़ी के अंदर पूजा सामग्री, मिठाई और कुछ कागजात बरामद हुए। बताया जा रहा है कि कागजात पूर्णिया से संबंधित हैं। वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी।

गाड़ी में पूजा सामग्री और मिठाई मिलने के बाद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वाहन सवारों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। बरामद कागजात के आधार पर वाहन और मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

दूसरे व्यक्ति की तलाश के लिए SDRF की टीम बुलाने की तैयारी

स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन में दो लोग सवार थे। एक व्यक्ति का शव बरामद हो चुका है, जबकि दूसरे के भी तालाब में डूबे होने की आशंका है। हालांकि, दूसरे व्यक्ति के वाहन में सवार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन की ओर से SDRF की टीम बुलाने की तैयारी की गई है। शनिवार सुबह तालाब में दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। बांका में SDRF की स्थानीय व्यवस्था नहीं होने के कारण बचाव अभियान में परेशानी भी हुई।

SDO बोले- एक शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

एसडीओ राजकुमार ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों ने वाहन में एक अन्य व्यक्ति के भी सवार होने की जानकारी दी है। उसकी तलाश के लिए SDRF की टीम बुलाई जा रही है। गाड़ी से मिले कागजात के आधार पर मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि तालाब में वाहन गिरने की सूचना मिली थी। मौके से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतक की पहचान और दूसरे संभावित सवार की तलाश के बाद ही दुर्घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।