Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:दिनदहाड़े अपहरण और फायरिंग कांड का खुलासा: युवक अररिया से सकुशल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 29, 2026

SUPAUL:दिनदहाड़े अपहरण और फायरिंग कांड का खुलासा: युवक अररिया से सकुशल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

### सुपौल न्यूज़ | कोशी लाइव

### दिनदहाड़े अपहरण और फायरिंग कांड का खुलासा: युवक अररिया से सकुशल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

सुपौल: भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज के समीप एसएच-91 पर सोमवार को चारपहिया वाहन सवार बदमाशों द्वारा युवक के अपहरण और फायरिंग की सनसनीखेज घटना का सुपौल पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने अपहृत युवक जिशान खान को अररिया जिले के फुलटाहा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने के अलावा वारदात में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

जिशान खान, छातापुर थाना क्षेत्र के महद्दीपुर निवासी खुर्शीद खान का पुत्र है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया।

### बाइक से जाते समय किया गया था अपहरण

त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिलीप कुमार ने बताया कि सोमवार पूर्वाह्न जिशान खान बाइक से जा रहा था। इसी दौरान चारपहिया वाहन में सवार आरोपियों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। घटना के दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। कुछ ही देर बाद एसडीपीओ दिलीप कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की निगरानी अपने स्तर से शुरू कर दी।

### एसपी के निर्देश पर बनी एसआईटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम को तीन से चार अलग-अलग छापामारी दलों में बांटकर संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य, आसूचना संकलन और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद सुपौल पुलिस ने अररिया पुलिस और एसटीएफ के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर अररिया जिले के फुलटाहा थाना क्षेत्र से जिशान खान को सुरक्षित बरामद कर लिया।

 एक आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त

पुलिस ने इस मामले में नीतीश कुमार नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है।

 लेन-देन के विवाद में सामने आया अपहरण का कारण

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि जिशान खान और आरोपियों के बीच कथित अवैध कारोबार में रुपये-पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते अपहरण की साजिश रची गई और घटना को अंजाम दिया गया।

हालांकि पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और इस कथित वजह की भी पुष्टि जांच के आधार पर की जाएगी।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है।

इस मामले में भीमपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

कोशी लाइव | सुपौल