### पटना में ADM और सब-रजिस्ट्रार पत्नी पर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: 79 लाख कैश, 48 महंगी घड़ियां और 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज बरामद
पटना: बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना के एडीएम (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्विटी (दानापुर जिला सब-रजिस्ट्रार) के ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों के पटना और बेगूसराय स्थित ठिकानों से कुल 79 लाख रुपये नकद, 48 महंगी घड़ियां, करीब 250 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 3 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।
निगरानी विभाग ने पति-पत्नी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज कर कोर्ट से वारंट लेने के बाद यह कार्रवाई की।
### पटना के फ्लैट से मिला सबसे बड़ा खुलासा
दानापुर के कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में तलाशी के दौरान अधिकारियों को पहले अलमारी से 6 लाख रुपये मिले। इसके बाद जब बक्सों और अन्य जगहों की जांच की गई तो वहां से करीब 70 लाख रुपये नकद बरामद हुए। अधिकांश रकम 500 रुपये के नोटों की गड्डियों में रखी गई थी।
इसी फ्लैट से 48 महंगी घड़ियां, जिनकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है, भी जब्त की गईं।
पटना में कार्रवाई की निगरानी कर रहे डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज है और बरामद नकदी व अन्य संपत्तियों की जांच जारी है।
### बेगूसराय के पैतृक घर से भी मिले 9 लाख रुपये
विजिलेंस की दूसरी टीम बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र स्थित रविंद्र कुमार दिवाकर के पैतृक आवास पहुंची। करीब छह सदस्यीय टीम ने घंटों तलाशी ली, जहां से 9 लाख रुपये नकद और काफी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए।
डीएसपी वासुदेव राय ने बताया कि तलाशी कोर्ट के आदेश पर की गई और बरामद सामान की विस्तृत जांच की जा रही है।
### करोड़ों की संपत्ति का मिला रिकॉर्ड
जांच में रविंद्र कुमार दिवाकर, उनकी पत्नी और उनके पिता के नाम पर कई फ्लैट और जमीन होने की जानकारी सामने आई है।
* दानापुर के कश्यप ग्रीन सिटी में रविंद्र और उनकी पत्नी के नाम दो फ्लैट।
* फुलवारीशरीफ में पति-पत्नी के नाम 3.9-3.9 डिसमिल जमीन।
* पिता लखन लाल पासवान के नाम भी फुलवारीशरीफ में जमीन।
* बेगूसराय के बलिया में रविंद्र के नाम 20 डिसमिल जमीन।
* पिता के नाम की एक जमीन वर्ष 2024 में गिफ्ट डीड के जरिए रविंद्र के नाम की गई।
इन संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 3 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
### दस्तावेजों का होगा आय से मिलान
निगरानी विभाग ने बताया कि तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, निवेश संबंधी कागजात और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। अब इनका मिलान अधिकारियों की घोषित आय और संपत्ति के विवरण से किया जाएगा।
### दोनों अधिकारियों का सेवा रिकॉर्ड
रविंद्र कुमार दिवाकर पहले शिक्षक थे और बाद में बिहार प्रशासनिक सेवा में आए। वे गया में एसडीएम, सारण में डीपीआरओ और वर्तमान में पटना में एडीएम (सप्लाई) के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी पत्नी कुमारी स्विटी वर्ष 2013 में सब-रजिस्ट्रार बनीं। उन्होंने तेघरा, हवेली खड़गपुर, सकरा में सेवा देने के बाद वर्ष 2024 से दानापुर में पदस्थापित हैं।
विजिलेंस विभाग का कहना है कि तलाशी में बरामद नकदी, आभूषण और संपत्ति से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।