Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:थाने के सामने से ले जा रही थी शराब, 106 लीटर के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 29, 2026

BIHAR:थाने के सामने से ले जा रही थी शराब, 106 लीटर के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज: थाने के सामने से शराब ले जाने की योजना पड़ी भारी, 106 लीटर विदेशी शराब के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज | कोशी लाइव

किशनगंज जिले के ठाकुरगंज थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 106 लीटर विदेशी शराब के साथ एक महिला तस्कर और टोटो चालक को गिरफ्तार किया है। महिला बंगाल से शराब लाकर ठाकुरगंज में सप्लाई करने जा रही थी और पुलिस को चकमा देने के लिए थाने के सामने से ही गुजरने की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, ठाकुरगंज थाना के समीप वाहन जांच चल रही थी। इसी दौरान बीआर-37पी-6674 नंबर का एक टोटो तैयबपुर की ओर से तेज रफ्तार में आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर जांच की। टोटो में बैठी महिला का व्यवहार संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसमें रखे 3-4 बैगों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बैगों से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने कुल 106 लीटर विदेशी शराब जब्त कर ली। मौके से महिला तस्कर और टोटो चालक दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार महिला की पहचान अनीता देवी (40 वर्ष), निवासी जुबारगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के रूप में हुई है। वहीं टोटो चालक की पहचान अफसर आलम, निवासी तैयबपुर के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में अनीता देवी ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल से शराब लेकर ठाकुरगंज में सप्लाई करने जा रही थी। उसे लगा था कि अकेली महिला होने के कारण पुलिस को शक नहीं होगा और वह थाने के सामने से आसानी से निकल जाएगी, लेकिन वाहन जांच अभियान के दौरान उसकी योजना विफल हो गई।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।