Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:9.75 लाख के सरकारी फंड गबन मामले में फरार मुखिया के घर इश्तेहार:आत्मसमर्पण नहीं करने पर कुर्की-जब्ती - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 21, 2026

SUPAUL:9.75 लाख के सरकारी फंड गबन मामले में फरार मुखिया के घर इश्तेहार:आत्मसमर्पण नहीं करने पर कुर्की-जब्ती

9.75 लाख के सरकारी फंड गबन मामले में फरार मुखिया के घर इश्तेहार: कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चिपकाया, आत्मसमर्पण नहीं करने पर कुर्की-जब्ती की चेतावनी

सुपौल/राघोपुर। राघोपुर थाना क्षेत्र की डुमरी पंचायत में 9.75 लाख रुपये के सरकारी फंड के कथित गबन मामले में फरार चल रही मुखिया मीरा देवी के घर सोमवार को पुलिस ने इश्तेहार चिपकाया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस टीम के साथ डुमरी गांव स्थित मुखिया के आवास पर पहुंचे और इश्तेहार चिपकाया।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। इश्तेहार चिपकाए जाने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर सैकड़ों स्थानीय लोग भी जमा हो गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी मुखिया जल्द न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करती हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है।

पांच चेक के जरिए 9.75 लाख रुपये निकालने का आरोप

पुलिस के अनुसार, मामला वित्तीय वर्ष 2020-21 में 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायत को मिली अनुदान राशि से जुड़ा है। आरोप है कि डुमरी पंचायत की मुखिया मीरा देवी, पति स्व. विपिन चौधरी, और पंचायत सचिव सीताराम झा ने पीएफएमएस (PFMS) प्रणाली लागू होने के बाद भी पांच चेक के माध्यम से कुल 9 लाख 75 हजार रुपये की राशि निकाल ली।

नियम के अनुसार, 1 अप्रैल 2021 के बाद पंचायत निधि से संबंधित भुगतान पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से किया जाना था। इसके बावजूद चेक के जरिए राशि निकाले जाने को लेकर तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी विनीत कुमार सिन्हा ने कार्रवाई के लिए आवेदन दिया था।

2021 में दर्ज हुआ था केस

तत्कालीन बीडीओ के आवेदन के आधार पर राघोपुर थाना में 4 जुलाई 2021 को केस नंबर 166/21 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान आरोपी मुखिया लगातार न्यायालय की कार्यवाही से दूर रहीं। लंबे समय से फरार रहने के बाद एसीजेएम, बीरपुर कोर्ट ने उनके खिलाफ न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के लिए इश्तेहार जारी किया।

पुलिस टीम ने घर पर चिपकाया इश्तेहार

न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए सोमवार को राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, एसआई आमिया प्रशुन, एसआई पुष्पांजय कुमार सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम डुमरी गांव पहुंची। पुलिस ने आरोपी मुखिया के आवास पर इश्तेहार चिपकाकर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की सूचना दी।

आत्मसमर्पण नहीं करने पर कुर्की-जब्ती

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत आरोपी के घर पर इश्तेहार का तामिला कराया गया है। यदि आरोपी शीघ्र न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करती हैं, तो उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।