Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:खेत में प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने पकड़ा, रात में कराया निकाह:मां बोली- पहले से तय थी दोनों की शादी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 21, 2026

BIHAR:खेत में प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने पकड़ा, रात में कराया निकाह:मां बोली- पहले से तय थी दोनों की शादी

खेत में प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने पकड़ा, रात में कराया निकाह: मोतिहारी में घंटों चला हंगामा, मां बोली- पहले से तय थी दोनों की शादी

मोतिहारी/तुरकौलिया। मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा टोला परशुरामपुर में प्रेमी जोड़े को खेत में मिलने के दौरान ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद गांव में घंटों तक हंगामा और बहस होती रही। मामला दोनों परिवारों तक पहुंचा तो गांव के बड़े-बुजुर्गों ने हस्तक्षेप किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए और रात में ही दोनों का निकाह करा दिया गया।

पकड़े गए युवक की पहचान जयसिंहपुर मांगनुआ निवासी एमामुद्दीन अंसारी के बेटे साहेब अंसारी के रूप में हुई है। वहीं युवती सेमरा टोला निवासी मुस्तकीम अंसारी की बेटी मुस्कान बताई गई है।

खेत में प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार, साहेब अंसारी अपनी प्रेमिका मुस्कान से मिलने उसके गांव पहुंचा था। दोनों गांव के एक खेत में मिले थे। इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर दोनों पर पड़ गई। ग्रामीण ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और गांव ले आए। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन भी वहां पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और बहस होती रही।

पहले से तय थी दोनों की शादी

मुस्कान की मां के अनुसार, उसकी बेटी की शादी करीब एक साल पहले ही साहेब अंसारी से तय हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी। हालांकि, युवती की मां का आरोप है कि लड़के के परिवार की ओर से शादी को लगातार टाला जा रहा था। बाद में लड़के के पिता ने शादी से इनकार कर दिया।

शादी से इनकार के बाद मुस्कान के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। इसी बीच साहेब अंसारी बाइक से मुस्कान से मिलने उसके गांव पहुंचा और उसे खेत में बुलाया। इसी दौरान दोनों ग्रामीणों की नजर में आ गए और उन्हें पकड़ लिया गया।

घंटों चली पंचायत जैसी स्थिति

प्रेमी जोड़े के पकड़े जाने के बाद गांव में काफी देर तक पंचायत जैसी स्थिति बनी रही। दोनों परिवारों के लोग और गांव के बड़े-बुजुर्ग मौके पर जुटे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा।

आखिरकार दोनों परिवारों की सहमति बन गई और साहेब अंसारी तथा मुस्कान के निकाह का फैसला लिया गया। इसके बाद रात में ही ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में काजी ने दोनों का निकाह पढ़ाया।

परिवारों की सहमति से हुआ निकाह

निकाह के बाद मामले को लेकर चल रहा विवाद शांत हो गया। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

तुरकौलिया थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए थे। परिवारों की सहमति से निकाह होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को आवश्यक हिदायत दी और वापस लौट गई।

फिलहाल निकाह के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद समाप्त होने की बात सामने आई है।