सुपौल में करंट लगने से निजी शिक्षक की मौत, ऑनलाइन क्लास का सेटअप तैयार करते समय हादसा
सुपौल। रतनपुर थाना क्षेत्र की भगवानपुर पंचायत के वार्ड संख्या-9 में बुधवार देर शाम घर की बिजली ठीक करने के दौरान करंट लगने से 35 वर्षीय निजी शिक्षक श्रवण कुमार सागर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचे।
घर की बिजली ठीक करते समय लगा करंट
परिजनों के मुताबिक, बुधवार को श्रवण कुमार के घर की छत की ढलाई का काम पूरा हुआ था। इसके बाद वे घर में बिजली की खराबी ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया और वे गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
करंट लगने के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. ललिता कुमारी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ऑनलाइन पढ़ाने के लिए तैयार कर रहे थे सेटअप
बताया जा रहा है कि श्रवण कुमार निजी शिक्षक थे और बच्चों को ऑनलाइन क्लास कराते थे। घर की छत ढलाई का काम पूरा होने के बाद वे ऑनलाइन क्लास के लिए नया सेटअप तैयार करने की तैयारी में थे। इसी सिलसिले में वे बिजली व्यवस्था दुरुस्त कर रहे थे, तभी हादसा हो गया।
तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
श्रवण कुमार अपने पीछे पत्नी सोनम कुमारी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी योग्यता कुमारी करीब 6 वर्ष की है, जबकि आकांक्षा और अर्पिता जुड़वां बेटियां हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और तीनों बेटियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
गांव में पसरा मातम, पुलिस कर रही जांच
हादसे के बाद भगवानपुर गांव में शोक की लहर है। ग्रामीण और शुभचिंतक पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। रतनपुर थाना अध्यक्ष पिंटू कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है।