Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सड़क हादसे में SI की मौत: ड्यूटी खत्म कर बाइक से आवास लौट रहे थे, साथी गंभीर घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 3, 2026

BIHAR:सड़क हादसे में SI की मौत: ड्यूटी खत्म कर बाइक से आवास लौट रहे थे, साथी गंभीर घायल

बांका में सड़क हादसे में SI की मौत: ड्यूटी खत्म कर बाइक से आवास लौट रहे थे, साथी गंभीर घायल

बांका। बांका टाउन थाना में तैनात एसआई सूरज भूषण की बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना टाउन थाना क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास हुई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार सागर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, एसआई सूरज भूषण ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने साथी सागर कुमार के साथ बाइक से आवास की ओर जा रहे थे। पोस्ट ऑफिस के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल ले जाया गया।

सदर अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर अफसार अली ने जांच के बाद एसआई सूरज भूषण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सागर कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

एसडीपीओ और थाना अध्यक्ष अस्पताल पहुंचे

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ अमर विश्वास और टाउन थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस वाहन से हुआ और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

पत्नी सदमे में, पुलिस महकमे में शोक

एसआई सूरज भूषण की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव देखकर उनकी पत्नी सदमे में आ गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है।

एसडीपीओ अमर विश्वास ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।