किशनगंज में रेप केस का आरोपी लल्लू मुखिया सिलीगुड़ी से गिरफ्तार, 4 हफ्ते से था फरार
किशनगंज। किशनगंज पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे पौआखाली नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब चार सप्ताह से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस ने गुप्त सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर सिलीगुड़ी के एक होटल में छापेमारी कर उसे पकड़ा।
एसआईटी ने सिलीगुड़ी में की छापेमारी
एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
पुलिस को सूचना मिली कि लल्लू मुखिया सिलीगुड़ी के एक होटल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के जरिए सूचना की पुष्टि की और होटल में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अग्रिम जमानत याचिका भी हुई थी खारिज
एसडीपीओ मनोज कुमार के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका भी दायर की थी, लेकिन याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।
पंचायत के बहाने महिला को ले जाने का आरोप
मामला पौआखाली थाना क्षेत्र का है। एक महिला ने लल्लू मुखिया पर पंचायत के बहाने ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, 28 जुलाई की रात उसकी बेटी से जुड़े विवाद को सुलझाने के नाम पर उसे, उसके पति और बेटी को गाड़ी से ले जाया गया था।
महिला का आरोप है कि रास्ते में उसके पति को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद उसे किशनगंज के एक होटल में ले जाया गया, जहां आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही, मामले को दबाने के लिए उसे पांच लाख रुपये देने का लालच भी दिया गया।
महिला की शिकायत पर पौआखाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।