Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:स्कूल परिसर में जमीन के अंदर छिपाकर रखा था कफ सिरप, पुलिस ने 324 बोतलें की बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 28, 2026

SUPAUL:स्कूल परिसर में जमीन के अंदर छिपाकर रखा था कफ सिरप, पुलिस ने 324 बोतलें की बरामद

स्कूल परिसर में जमीन के अंदर छिपाकर रखा था कफ सिरप, पुलिस ने 324 बोतलें की बरामद

किशनपुर थाना क्षेत्र के अंदौली पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित बैजनाथपुर नवसृजित प्राथमिक विद्यालय परिसर से पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने स्कूल के एक कमरे की तलाशी ली, जहां जमीन में छिपाकर रखे गए दो प्लास्टिक के बोरे मिले। इनमें 100 एमएल की कुल 324 बोतल कफ सिरप बरामद हुई।

गुप्त सूचना पर स्कूल पहुंची पुलिस

थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बैजनाथपुर स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे में प्रतिबंधित कफ सिरप छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने स्कूल परिसर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए दो प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए। जांच करने पर दोनों बोरों से 100 एमएल की 324 बोतल कफ सिरप मिली। पुलिस ने सभी बोतलों को जब्त कर लिया है।

स्कूल में नशीली दवा मिलने से नाराजगी

स्कूल परिसर से प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद होने की जानकारी के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि स्कूल बच्चों की पढ़ाई की जगह है। ऐसे स्थान से नशीले पदार्थ की बरामदगी गंभीर मामला है।

छिपाकर रखने वाले की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप स्कूल परिसर में किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा था। मामले में संलिप्त लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने बरामद कफ सिरप को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।