Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:नशा मुक्ति केंद्र पर छापा: बिना लाइसेंस चल रहा था केंद्र, 70 मरीज मिले; 24 घंटे में घर भेजने का निर्देश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 28, 2026

SUPAUL:नशा मुक्ति केंद्र पर छापा: बिना लाइसेंस चल रहा था केंद्र, 70 मरीज मिले; 24 घंटे में घर भेजने का निर्देश

सिमराही में नशा मुक्ति केंद्र पर छापा: बिना लाइसेंस चल रहा था केंद्र, 70 मरीज मिले; 24 घंटे में घर भेजने का निर्देश

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही में एक नशा मुक्ति केंद्र पर प्रशासन की टीम ने छापेमारी की। एसडीएम विनय कुमार के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान केंद्र के संचालन से संबंधित कोई लाइसेंस या जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। जांच में केंद्र के अंदर 70 मरीज भर्ती पाए गए।

बिना अनुमति चल रहा था केंद्र

एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि केंद्र बिना जरूरी अनुमति के संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने जांच की। केंद्र संचालक से संचालन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

दवाइयां जब्त, मरीजों की स्थिति भी देखी

जांच के दौरान केंद्र में भर्ती मरीजों को दी जा रही दवाइयों को प्रशासन की टीम ने जब्त कर लिया। अधिकारियों ने केंद्र में मरीजों की स्थिति और वहां की व्यवस्था का भी जायजा लिया।

टीम में रेफरल अस्पताल राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपनारायण राम और राघोपुर थाना पुलिस भी शामिल थी।

24 घंटे में मरीजों को घर भेजने का निर्देश

प्रशासन ने केंद्र में अव्यवस्था और मरीजों की खराब स्थिति को देखते हुए संचालक को 24 घंटे के भीतर सभी मरीजों को उनके घर भेजने का निर्देश दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।